home page

रायपुर : 24 घंटे के भीतर दो लूट की वारदातों का खुलासा, तीन आरोपित गिरफ्तार

 | 
रायपुर : 24 घंटे के भीतर दो लूट की वारदातों का खुलासा, तीन आरोपित गिरफ्तार


लूटे गए मोबाइल, नगदी, चाकू एवं मोटरसाइकिल बरामद

रायपुर, 18 जुलाई (हि. स.) । राजधानी रायपुर से लगे थाना मंदिर हसौद क्षेत्र में लगातार हुई दो लूट की घटनाओं का पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए खुलासा कर दिया है।

पुलिस ने वारदात में शामिल तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लूटे गए मोबाइल फोन, नगदी रकम, घटना में प्रयुक्त चाकू एवं मोटरसाइकिल बरामद की है।

शनिवार को पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 15 जुलाई को थाना मंदिर हसौद क्षेत्र में दो अलग-अलग स्थानों पर लूट की घटनाएं हुई थीं। दोनों घटनाओं में मोटरसाइकिल सवार तीन युवकों ने चेहरे पर स्कार्फ बांधकर लोगों को डराया-धमकाया और मोबाइल फोन एवं नगदी रकम लूटकर फरार हो गए थे।

पहली घटना में ग्राम सेरीखेड़ी निवासी अमरजीत सिंह अपने साथी के साथ पैदल जा रहे थे। इसी दौरान विष्णु नगर मुर्गी फार्म हाउस के पास मोटरसाइकिल सवार तीन युवकों ने उन्हें रोककर धारदार वस्तु दिखाते हुए उनका मोबाइल फोन एवं पर्स में रखी नगदी रकम लूट ली थी। मामले में थाना मंदिर हसौद में अपराध क्रमांक 340/26 धारा 309(4), 3(5) बीएनएस पंजीबद्ध किया गया था।

वहीं दूसरी घटना में मिथलेश कुमार नहर किनारे मार्ग पर अपनी दोपहिया वाहन खड़ी कर लघुशंका कर रहे थे। इसी दौरान तीन अज्ञात युवकों ने उन्हें घेरकर धमकाया और उनका मोबाइल फोन तथा नगदी रकम लूटकर फरार हो गए थे। इस मामले में थाना मंदिर हसौद में अपराध क्रमांक 341/26 धारा 309(4), 3(5) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया गया था।

दोनों घटनाओं की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक रायपुर (ग्रामीण) श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा द्वारा आरोपितों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए गए। वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन एवं थाना प्रभारी मंदिर हसौद के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित कर जांच शुरू की गई।

पुलिस टीम ने घटनास्थलों के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले, तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया तथा मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। जांच के दौरान दोनों घटनाओं में वारदात का तरीका, आरोपितों का हुलिया एवं घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल समान पाए जाने पर पुलिस को एक ही गिरोह द्वारा दोनों घटनाओं को अंजाम दिए जाने का संदेह हुआ।

तकनीकी साक्ष्यों एवं मुखबिर से प्राप्त जानकारी के आधार पर पुलिस ने आरोपितों की पहचान राहुल नेताम, विशेष मण्डावी एवं अमर नेताम, तीनों निवासी ग्राम सेरीखेड़ी, थाना मंदिर हसौद, के रूप में की। पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में आरोपितों ने दोनों लूट की घटनाओं को मिलकर अंजाम देना स्वीकार किया। आरोपितों के कब्जे से लूटे गए 02 नग मोबाइल फोन, नगदी रकम 520 रुपये, वारदात में प्रयुक्त चाकू एवं स्प्लेण्डर मोटरसाइकिल क्रमांक सीजी 04 क्यूएल 4682 जब्त की गई है। जब्त सामग्री की कुल कीमत लगभग 1 लाख 50 हजार रुपये है। गिरफ्तार आरोपितों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई कर उन्हें न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर