रायपुर में डकैती मामले के पांच फरार आरोपित गिरफ्तार, अब तक आठ की गिरफ्तारी
17 लाख रुपये का चोरी गया सामान और वारदात में प्रयुक्त वाहन जब्त
रायपुर, 27 अक्टूबर (हि. स.)। रायपुर कमिश्नरेट पुलिस ने कबीर नगर थाना क्षेत्र में दर्ज डकैती के मामले में फरार चल रहे पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया है।
इस मामले में अब तक कुल आठ आरोपितों की गिरफ्तारी हो चुकी है। पुलिस के अनुसार, प्रकरण में करीब 17 लाख रुपये कीमत के डकैती के सामान के साथ वारदात में प्रयुक्त चारपहिया और दोपहिया वाहन तथा अन्य सामग्री जब्त की गई है।
पुलिस के मुताबिक, कबीर नगर थाने में अपराध दर्ज किया गया था। इससे पहले पुलिस ने संदीप नेताम, अजीत भारती और उमेन्द्र ठाकुर उर्फ उमेन को गिरफ्तार किया था। पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने फरार आरोपितों की तलाश शुरू की और उनके संभावित ठिकानों पर दबिश दी।
संयुक्त कार्रवाई में समीर सोनी उर्फ बुच्ची (31 वर्ष ), रामा मरकाम (30 वर्ष ), गोकुल यादव (21 वर्ष ), संदीप नागरिया (24 वर्ष ) और कृष्णा देवार (28 वर्ष ) को गिरफ्तार किया गया। कार्रवाई एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा कबीर नगर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में की।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपितों में कुछ के खिलाफ पहले भी आपराधिक मामले दर्ज रहे हैं। समीर सोनी के खिलाफ तेलीबांधा थाने में चोरी और मारपीट, रामा मरकाम के खिलाफ मंदिर हसौद थाने में चोरी, गोकुल यादव के खिलाफ तेलीबांधा और विधानसभा थानों में चोरी, बलवा व मारपीट तथा संदीप नागरिया के खिलाफ चोरी और आबकारी एक्ट के मामले दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस के मुताबिक, संबंधित आरोपित पूर्व में भी जेल में निरुद्ध रह चुके हैं।
पुलिस अब मामले में अन्य संभावित आरोपितों की तलाश कर रही है। उनकी भूमिका और वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच जारी है।
हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर

