लूटकांड का चौथा आरोपित गिरफ्तार
उरई, 27 जुलाई (हि.स.)। थाना एट पुलिस ने जुलाई महीने में हुई लूट की वारदात में फरार चल रहे चौथे आरोपित को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है। उसके कब्जे से लूट की नगदी, मोबाइल फोन और अवैध तमंचा व कारतूस भी बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, 10 जुलाई को थाना एट क्षेत्र के निवासी लक्ष्मी नारायण ने तहरीर देकर बताया था कि 7 जुलाई की रात वह अपनी मोटरसाइकिल से जा रहे थे। इसी दौरान चार पहिया वाहन में सवार 3 से 4 अज्ञात बदमाशों ने उनकी बाइक के आगे कार लगाकर रास्ता रोक लिया। आरोपिताें ने गाली-गलौज करते हुए उनके साथ मारपीट की और उनका मोबाइल फोन, मोटरसाइकिल और 8 हजार रुपये नकद लूटकर फरार हो गए।
पीड़ित की शिकायत पर थाना एट में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की जांच के दौरान 11 जुलाई को पुलिस ने घटना का सफल खुलासा करते हुए तीन आरोपिताें को गिरफ्तार कर लिया, जबकि एक आरोपित फरार चल रहा था, जिसकी तलाश की जा रही थी।
इसी क्रम में 27 जुलाई को थाना एट पुलिस टीम ने चेकिंग अभियान के दौरान वांछित झांसी जिले के ग्राम पंडवाहा निवासी स्वतंत्र शर्मा उर्फ बिट्टू महाराज (25 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान आरोपित के कब्जे से 790 रुपये नकद, एक मोबाइल फोन, एक 315 बोर का तमंचा मय एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। अवैध हथियार मिलने पर थाना एट में आरोपित के खिलाफ आर्म्स एक्ट में भी मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने आरोपित को आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
-------------------
हिन्दुस्थान समाचार / विशाल कुमार वर्मा

