नैला में लिफ्ट मांगकर चाकू की नोक पर लूट, 4 हजार रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर कराए, दो आरोपित गिरफ्तार
जांजगीर-चांपा, 3 सितंबर (हि .स.)। जिले के नैला चौकी क्षेत्र में लिफ्ट मांगने के बहाने बाइक सवार से चाकू की नोक पर लूट करने वाले दो आरोपिताें को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपिताें ने युवक से मारपीट कर उसका मोबाइल लूट लिया और फोन-पे के जरिए जबरन 4 हजार रुपये अपने खाते में ट्रांसफर कराए थे। पुलिस ने आरोपिताें के कब्जे से लूटा गया मोबाइल, घटना में इस्तेमाल धारदार चाकू और पेचकस बरामद कर जब्त किया है।
पुलिस के अनुसार ग्राम कन्हाईबंद निवासी मुकेश पटेल ने नैला चौकी में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उसने बताया कि 30 अगस्त 2026 को दोपहर करीब 3 बजे वह नैला स्थित देसी शराब दुकान गया था। वहां से शराब पीने के बाद वह अपनी मोटरसाइकिल से घर लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में दो अज्ञात युवकों ने उससे लिफ्ट मांगी। बाइक पर बैठने के बाद कुछ दूर जाने पर दोनों ने बाइक रुकवा ली और चाकू दिखाकर रुपये की मांग करने लगे।
पीड़ित के पास नकद रुपये नहीं होने पर आरोपिताें ने उसके साथ मारपीट की और चाकू की नोक पर उसका मोबाइल छीन लिया। इसके बाद आरोपियों ने मोबाइल के जरिए फोन-पे से जबरदस्ती 4 हजार रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर करा लिए और मोबाइल लेकर मौके से फरार हो गए।
पीड़ित की शिकायत पर नैला चौकी पुलिस ने अपराध क्रमांक 642/2026 के तहत बीएनएस की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी के निर्देश दिए।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. यूलैण्डन यार्क और सीएसपी जांजगीर योगिता बाली खापर्डे के मार्गदर्शन तथा नैला चौकी प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र वैष्णव के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने तकनीकी सहायता और अन्य माध्यमों से आरोपिताें की पहचान कर उन्हें हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान दोनों आरोपिताें ने लूट की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया।
पुलिस ने आरोपिताें के कब्जे से करीब 15 हजार रुपये कीमत का लूटा गया मोबाइल फोन तथा वारदात में इस्तेमाल धारदार चाकू और पेचकस बरामद कर जब्त किया है। गिरफ्तार आरोपिताें की पहचान शरद कुमार सूर्यवंशी (23), निवासी वार्ड क्रमांक 05 नैला और भानुप्रताप सूर्यवंशी (23), निवासी शुक्लाखार बांकीमोगरा, कोरबा, हाल मुकाम वार्ड क्रमांक 05 पुरानी बस्ती नैला के रूप में हुई है। दोनों आरोपिताें को गिरफ्तार कर आज गुरुवार काे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
इस कार्रवाई में निरीक्षक धर्मेंद्र वैष्णव, प्रधान आरक्षक राजमणि द्विवेदी, राधेश्याम पूर्णा, आरक्षक संतोष प्रधान, डीकेश्वर साहू और गोपेश्वर सिंह का सराहनीय योगदान रहा।
हिन्दुस्थान समाचार/ लालिमा शुक्ला पुरोहित
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT

