लूट की वारदात का खुलासा: दाे आरोपित और तीन नाबालिग सहित पांच गिरफ्तार
रायपुर, 11 अप्रैल (हि.स.)। राजधानी रायपुर के मुजगहन थाना क्षेत्र में सेजबहार के पास हुई लूट की बड़ी वारदात काे अंजाम देने वाले आरोपितों को पुलिस ने धर दबोचा है। लूट की वारदात में 2 आरोपित और 3 नाबलिग बालक सहित 5 लोग शामिल थे। आरोपितों के कब्जे से दोपहिया वाहन, मोबाइल फोन, चाकू, डंडा तथा लूट का सामान भी बरामद किया गया है।
पुलिस के मुताबिक, लूट की घटना 8 अप्रैल 2026 की रात करीब 01:30 बजे की है। प्रार्थी भूषण साहू निवासी ग्राम दतरेंगा अपनी दो भांजियों और एक साथी के साथ मोटरसाइकिल से भाठागांव से मुजगहन की ओर जा रहा था। इसी दौरान सेजबहार स्थित शुभम ऑटो पार्ट्स हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी के पास पीछे से दो मोटरसाइकिलों में सवार पांच लोगों ने उनकी गाड़ी को घेर लिया। आरोपितों ने पीड़ित की बाइक को आगे आकर रोक दिया और लात मारकर गिरा दिया। इसके बाद उन्होंने बाइक की चाबी निकाल ली और लकड़ी के डंडों से प्रार्थी व उसके साथी के सिर पर हमला किया। हमले के दौरान आरोपितों ने चाकू दिखाकर जान से मारने की धमकी भी दी। इसी बीच बीच-बचाव करने आईं पीड़ित की भांजियों के साथ भी आरोपितों ने मारपीट की और उनके साथ गलत नियत से छेड़छाड़ करते हुए उन्हें खींचने का प्रयास किया, जिससे उनके कपड़े फट गए। इसके बाद आरोपितों ने गले में पहनी चैन, ताबीज, दो मोबाइल फोन और मोटरसाइकिल लूटकर फरार हो गए।
घटना की रिपोर्ट पर थाना मुजगहन में अपराध क्रमांक 76/26 दर्ज किया गया, जिसमें धारा 310(2), 74 बीएनएस तथा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया। मामले को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। पुलिस उपायुक्त (पश्चिम जोन) संदीप पटेल के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राहुल देव शर्मा, सहायक पुलिस आयुक्त नवनीत पाटिल तथा थाना प्रभारी अमित कोसमा के नेतृत्व में एक संयुक्त टीम गठित की गई। इस टीम में थाना मुजगहन, एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा थाना न्यू राजेन्द्र नगर पुलिस शामिल रही।
जांच के दौरान मुख्य आरोपित चेतन नामदेव को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें उसने अपने साथियों के साथ मिलकर घटना को अंजाम देना स्वीकार किया। उसके बयान के आधार पर सह-आरोपित नितिन ध्रुव एवं 3 नाबालिग बालकों को भी पकड़ा गया।
पुलिस द्वारा आरोपितों के कब्जे से 2 मोटरसाइकिल, 2 मोबाइल फोन, चाकू, डंडा एवं लूट का सामान बरामद किया गया है। जांच में यह भी पाया गया कि मुख्य आरोपित एवं एक नाबालिग पूर्व में भी आपराधिक मामलों में संलिप्त रहे हैं।
सभी आरोपितों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जा रही है तथा प्रकरण की विस्तृत विवेचना जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर

