सुपौल लूटकांड में एक और वांछित आरोपित गिरफ्तार, अब तक चार बदमाश दबोचे गए
सुपौल, 25 जुलाई (हि.स.)। सुपौल पुलिस ने अपराध नियंत्रण अभियान के तहत सदर थाना क्षेत्र में हुए चर्चित लूटकांड का उद्भेदन करते हुए एक और वांछित आरोपित को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई के बाद मामले में अब तक कुल चार आरोपितों की गिरफ्तारी सुनिश्चित हो चुकी है। पुलिस अधीक्षक कार्यालय, सुपौल द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार 5 मई 2026 को सदर थाना क्षेत्र में हुई लूट की घटना के संबंध में पीड़ित के आवेदन के आधार पर सदर थाना कांड संख्या 321/2026 दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया था।
मामले के उद्भेदन के लिए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सदर के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। तकनीकी अनुसंधान, मानव सूचना और अन्य वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर पुलिस पहले ही इस मामले में तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज चुकी थी।
अनुसंधान के दौरान प्राप्त तकनीकी एवं मानव सूचना के आधार पर छापेमारी कर एक अन्य वांछित आरोपित शंकर कुमार को गिरफ्तार किया गया। वह थाना लौकहा क्षेत्र के झीहरा वार्ड संख्या-3, जिला सुपौल का निवासी है।पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपित से पूछताछ के आधार पर लूटकांड से जुड़े अन्य बिंदुओं पर अनुसंधान जारी है। साथ ही मामले में शेष आरोपितों की गिरफ्तारी और अन्य विधिसम्मत कार्रवाई के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

