महिलाओं से कुंडल छीनने वाले गिरफ्तार, दो बाइक भी बरामद
लखीमपुर खीरी, 16 अगस्त (हि.स.)। महिलाओं से कुंडल छिनैती की वारदातों को अंजाम देने वाले गिरोह का पुलिस ने रविवार को पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने शहर में हुई छिनैती की दो घटनाओं का खुलासा करते हुए तीन शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है, जिनमें वारदात करने वाले मुख्य आरोपियों के साथ रेकी करने वाला साथी भी शामिल है। पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से लूटे गए सोने के कुंडल और घटनाओं में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिलें भी बरामद की हैं।
पुलिस अधीक्षक डॉ. ख्याति गर्ग बताया कि 10 अगस्त को राजापुर चौकी क्षेत्र में नहरिया के पास और 13 अगस्त को सुभाषनगर मोहल्ले में देवकली रोड पर महिलाओं से कुंडल छीनने की घटनाएं हुई थीं, जिसके संबंध में संबंधित धाराओं में अज्ञात के खिलाफ मुकदमे दर्ज किए गए थे।
प्रभारी निरीक्षक कोतवाली सदर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घटनास्थल और शहर भर के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर संदिग्ध मोटरसाइकिलों व अभियुक्तों की पहचान की। रविवार, 16 अगस्त को मुखबिर की सटीक सूचना पर पुलिस ने देउवापुर नहर पटरी से अंकुश वर्मा (निवासी सलेमपुर कोन), चांद बाबू उर्फ मटरू (निवासी सलेमपुर कोन) और घटनाओं की रेकी करने वाले रिजवान (निवासी कीरतपुर, थाना खीरी) को दबोच लिया। इनके पास से लूटे गए दो सोने के कुंडल, एक स्प्लेंडर प्लस और एक सीटी-100 बाइक बरामद की गई। पुलिस ने सभी अभियुक्तों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
हिन्दुस्थान समाचार / देवनन्दन श्रीवास्तव

