पुलिस गश्ती के पास ही 20 लाख की लूट, 10 राउंड फायरिंग से दहला जामापुर बाजार
सीवान, 06 मई (हि.स.)। जिले में अपराधियों के हौसले किस कदर बुलंद हैं, इसका अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि पुलिस गश्ती से महज चंद कदमों की दूरी पर बुधवार को दिनदहाड़े करीब 20 लाख रुपये के सोने-चांदी की लूट को अंजाम दे दिया गया।
घटना जीरादेई थाना क्षेत्र के जामापुर बाजार स्थित ओम साई वर्तन भंडार की है, जहां हथियारबंद अपराधियों ने न केवल लूटपाट की, बल्कि दहशत फैलाने के लिए करीब 10 राउंड फायरिंग भी की। मिली जानकारी के अनुसार दो अपाची बाइक पर सवार पांच अपराधी दुकान में घुसे और हथियार के बल पर करीब 300 ग्राम सोना, लगभग 9 किलो चांदी और नकदी लूट ली। वारदात के बाद अपराधियों ने बाजार में अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी, जिससे पूरे इलाके में अफरातफरी मच गई।
हालांकि, इस दौरान दुकानदारों और ग्रामीणों ने साहस का परिचय देते हुए एक अपराधी को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। बाकी अपराधी फायरिंग करते हुए मौके से फरार हो गए। दुकान के मालिक टिंकू सोनार ने बताया कि लग्न के मौसम को देखते हुए दुकान में बड़ी मात्रा में सोने-चांदी के गहने रखे गए थे, जिन्हें अपराधियों ने लूट लिया। उन्होंने पांच अज्ञात अपराधियों के खिलाफ लिखित आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज कराई है।
इस संबंध में थानाध्यक्ष राहुल तिवारी ने बताया कि सोने-चांदी की लूट की घटना हुई है। एक अपराधी को गिरफ्तार कर लिया गया है, जिससे पूछताछ जारी है। उसके आधार पर जल्द ही बाकी अपराधियों की गिरफ्तारी और लूटे गए आभूषणों की बरामदगी की जाएगी।
घटना के बाद से इलाके में दहशत का माहौल है, वहीं पुलिस की गश्ती व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma

