मुठभेड़ में दबोचा गया लुटेरा अस्पताल से भागा, घेराबंदी में फिर चढ़ा पुलिस के हत्थे
कानपुर, 17 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में जनपद कानपुर के बर्रा इलाके में मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार हुआ शातिर लुटेरा इलाज के दौरान पुलिस को चकमा देकर अस्पताल से भाग निकला। हालांकि कुछ ही देर में शहरभर में घेराबंदी कर पुलिस ने उसे फिर से दबोच लिया।
बर्रा थाना क्षेत्र में तमंचे के बल पर राहगीर से लूट करने वाले बदमाशों और पुलिस के बीच हुई मुठभेड़ के मामले में नया मोड़ सामने आया है। गुरुवार को एक युवक से बर्रा बाईपास स्थित सिंह ढाबा के सामने दो बदमाशों ने उसकी पल्सर बाइक और नकदी लूट ली थी, जिसके बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू किए। देर रात चेकिंग के दौरान संदिग्ध बाइक सवारों को रोकने पर बदमाशों ने फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के पैर में गोली लगी और उसे गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। पकड़े गए शातिर के पास से लूटी गई बाइक, नकदी और तमंचा बरामद हुआ।
मुठभेड़ में घायल बदमाश को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। उसकी सुरक्षा चार पुलिस कर्मी लगाये गए थे, जिनकाे चकमा देकर वार्ड से भाग निकला। अपराधी के भागने की खबर से पुलिस महकमें में हड़कंप मच गया। पुलिस आयुक्त ने पुलिस उपायुक्त अपराध श्रवण कुमार सिंह के नेतृत्व में टीम काे लगाया और कुछ देर बाद बदमाश काे पकड़ लिया गया।
इस पर पुलिस उपायुक्त अपराध श्रवण कुमार सिंह ने बताया कि आरोपित शातिर लुटेरा है और अब पुलिस की गिरफ्त में है। उन्होंने कहा कि घटना की सूचना मिलते ही क्राइम ब्रांच व स्वॉट टीम ने शहरभर में घेराबंदी और सघन चेकिंग अभियान चलाया। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने फरार अपराधी काे एक झाड़ी के पास दोबारा गिरफ्तार कर लिया। इस त्वरित कार्रवाई के लिए क्राइम ब्रांच टीम को 25 हजार रुपये के इनाम से पुरस्कृत किया गया है। आरोपित के खिलाफ विधिक कार्रवाई जारी है।-----------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

