home page

स्वर्ण व्यवसायी से हथियार के बल पर लूट, जेवरात और नकदी लेकर फरार हुए चार बदमाश

 | 

सिलीगुड़ी, 29 अक्टूबर (हि.स.)। शांतिनगर के पंचानन रोड इलाके में एक स्वर्ण व्यवसायी से हथियार के बल पर लूटपाट का मामला गुरुवार को सामने आया है। आरोप है कि दुकान बंद कर घर लौट रहे उत्तम सरकार को चार बदमाशों ने निशाना बनाया और सोने व नकदी से भरा बैग छीनकर फरार हो गए। विरोध करने पर व्यवसायी के साथ मारपीट की गई और भागते समय उन पर गोली भी चलाई गई। हालांकि, वह बाल-बाल बच गए।

पीड़ित उत्तम सरकार के अनुसार, बुधवार रात दुकान से लौटने के बाद जब वह घर का मुख्य दरवाजा खोलकर अंदर जाने वाले थे, तभी चार युवक अचानक उनके सामने आ गए। इससे पहले कि वह कुछ समझ पाते, बदमाशों ने उनका बैग छीन लिया। विरोध करने पर उन्हें नाले में गिरा दिया गया। इसके बाद स्थानीय दुकानदारों और निवासियों की मदद से बदमाशों का पीछा करने की कोशिश की गई।

आरोप है कि दो मोटरसाइकिलों पर सवार होकर भाग रहे बदमाशों ने व्यवसायी को निशाना बनाकर गोली चलाई। इस दौरान घर के सामने मौजूद एक अन्य दुकानदार को भी बंदूक दिखाकर धमकाया गया। पीड़ित के मुताबिक, लूटे गए बैग में करीब 200 ग्राम सोना और डेढ़ से दो लाख रुपये नकद थे।

घटना की सूचना मिलते ही आशीघर पुलिस चौकी की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस इलाके में लगे विभिन्न सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर आरोपितों की पहचान करने में जुटी है।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार