बक्सर बाजार समिति रोड पर तेज रफ्तार ट्रैक्टर की चपेट में आए राजमिस्त्री की मौत
बक्सर, 04 अगस्त (हि.स.)। नगर थाना क्षेत्र के बाजार समिति रोड पर मंगलवार दोपहर हुए सड़क हादसे में एक राजमिस्त्री की मौत हो गई। तेज रफ्तार ट्रैक्टर की चपेट में आने से पैदल जा रहे व्यक्ति ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन लेकर फरार हो गया।
मृतक औद्योगिक थाना क्षेत्र के अर्जुनपुर निवासी 50 वर्षीय चंद्रबिंदु पासवान है।
बताया जाता है कि वह राजमिस्त्री का काम करते थे और गांव से पैदल पांडेयपट्टी होते हुए बाजार समिति रोड की ओर जा रहे थे। इसी दौरान तेज गति से आ रहे ट्रैक्टर ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है तथा फरार ट्रैक्टर चालक की तलाश में जुट गई है। घटना के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Jitendra Mishra

