रास्ता विवाद को लेकर फायरिंग, दुनाली बंदूक सहित कारतूस और खोखा बरामद
कटिहार, 21 मई (हि.स.)। नगर थाना क्षेत्र में पुराने रास्ता विवाद को लेकर हुई फायरिंग के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गुरुवार को घटना में प्रयुक्त दुनाली बंदूक, एक जिंदा कारतूस और 11 खोखा बरामद किए हैं।
घटना 20 मई की रात करीब 10 बजे की है। बरमसिया वार्ड नं०-12 निवासी संजय यादव, पिता स्व. यमुना यादव ने नगर सहायक थाना में दिए आवेदन में बताया कि जब वे घर लौट रहे थे, तभी पूर्व से चले आ रहे जमीन और रास्ता विवाद को लेकर चंदन यादव, पिता लक्ष्मी यादव, उम्र 30 वर्ष, अपने एक अज्ञात साथी के साथ गली में आया और लाइसेंसी दुनाली बंदूक से जान मारने की नीयत से उन पर फायरिंग कर दी।
वादी के बयान पर नगर सहायक थाना कांड संख्या-590/26 दर्ज कर जांच शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर-01 के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम गठित की गई।
मानवीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने घटना में प्रयुक्त एक दुनाली बंदूक, एक जिंदा कारतूस और 11 खोखा बरामद कर लिए हैं। पुलिस ने बताया कि घटना में संलिप्त अभियुक्त की पहचान हो चुकी है और उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी चल रही है। फिलहाल मामले में अग्रेतर कार्रवाई जारी है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह

