यमुनानगर: हादसे में स्कूटी सवार महिला की मौत
यमुनानगर, 30 मार्च (हि.स.)।यमुनानगर के गांव मुसिबल अड्डा के समीप हुए दर्दनाक हादसे में स्कूटी सवार एक महिला की जान चली गई। घटना उस समय हुई जब तेज गति से आ रही एक मोटरसाइकिल ने ओवरटेक करते हुए महिला की स्कूटी को टक्कर मार दी और चालक मौके से फरार हो गया।
मृतक महिला की पहचान कुसुम के रूप में हुई है, जो शहर की सरस्वती कॉलोनी की निवासी थी। हादसे के समय वह स्कूटी पर सवार होकर अपने गंतव्य की ओर जा रही थी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सड़क पर आगे चल रहे ट्रैक्टर-ट्रॉली को पार करने के प्रयास में बाइक चालक ने नियंत्रण खो दिया और साइड से गुजर रही स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि महिला सड़क पर गिर गई और उसके सिर में गंभीर चोट आई। हादसे के तुरंत बाद आसपास के लोगों ने उसे उठाकर सिविल अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। प्रत्यक्षदर्शी ने पुलिस को बताया कि दुर्घटना के बाद आरोपी कुछ क्षण के लिए रुका, लेकिन भीड़ जुटते ही मौके से भाग निकला। सूचना मिलते ही पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने बाइक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उसकी तलाश शुरू कर दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है, ताकि आरोपी की पहचान कर उसे जल्द गिरफ्तार किया जा सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

