यमुनानगर:तेज रफ्तार कार की टक्कर से युवक की मौत, काम से लौटते समय हुआ हादसा
यमुनानगर, 15 मार्च (हि.स.)। यमुनानगर के जठलाना क्षेत्र में शनिवार देर शाम तेज रफ्तार कार की टक्कर से मोटरसाइकिल सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी घायल हो गया। हादसा उस समय हुआ जब दोनों मजदूरी का काम समाप्त कर घर लौट रहे थे। पुलिस ने मृतक के पिता की शिकायत पर अज्ञात कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान विक्रम निवासी गांव जयपुर के रूप में हुई है। वह अपने गांव के ही जोगिन्द्र के साथ मोटरसाइकिल पर सवार होकर गांव पांसरा में मजदूरी करने गया था।
देर शाम दोनों काम खत्म कर वापस अपने गांव लौट रहे थे। जब वे गांव से कुछ दूरी पहले स्थित गूगा माड़ी के पास पहुंचे, तभी पीछे से तेज गति से आई एक कार ने उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों युवक मोटरसाइकिल सहित सड़क से नीचे खेत में जा गिरे और बाइक भी पलट गई। घटना के समय विक्रम मोटरसाइकिल चला रहा था। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
मृतक के पिता मांगा राम ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह खेतों में मजदूरी कर घर लौट रहा था। इसी दौरान उसने सड़क पर हुए हादसे को देखा और तुरंत मौके पर पहुंचकर घायलों को संभाला। कार चालक टक्कर मारने के बाद कुछ देर घटनास्थल पर रुका, लेकिन बाद में वाहन सहित फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलने पर परिवार के अन्य सदस्य भी मौके पर पहुंच गए। इसके बाद राहगीरों की मदद से घायलों को एक निजी वाहन से उपचार के लिए सिविल अस्पताल यमुनानगर ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद विक्रम को मृत घोषित कर दिया, जबकि जोगिन्द्र का उपचार जारी है। पुलिस ने मृतक के पिता के बयान के आधार पर कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपी चालक की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

