यमुनानगर : तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से महिला की मौत
यमुनानगर, 30 मार्च (हि.स.)। जिले के औरंगाबाद पुल के समीप तेज रफ्तार और लापरवाही से चल रही मोटरसाइकिल की टक्कर से एक महिला की मौत हो गई। हादसे के बाद आरोपी चालक अपनी बाइक मौके पर छोड़कर फरार हो गया।
पुलिस के अनुसार, महिला अपने पति और बच्चे के साथ घर लौट रही थी। रास्ते में औरंगाबाद पुल से आगे उसके पति ने मोटरसाइकिल सड़क किनारे रोक दी। इसी दौरान महिला सड़क के पास खड़ी थी कि सहारनपुर की ओर से आ रही तेज रफ्तार बाइक ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने से महिला गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर गई। घटना के तुरंत बाद आरोपी चालक अपनी मोटरसाइकिल मौके पर छोड़कर फरार हो गया। राहगीरों की मदद से घायल महिला को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल के शवगृह में रखवाया गया है, जहां पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
पुलिस ने मृतका के परिजन की शिकायत पर बाइक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में दुर्घटना का कारण तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाना सामने आया है। जांच अधिकारी ने साेमवार काे बताया कि आरोपी की पहचान के प्रयास जारी हैं। घटनास्थल से बरामद मोटरसाइकिल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर सुराग जुटाए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

