कार ने लिया स्कूटी सवार दो शिक्षिकाओं का चपेट में, गंभीर घायल
अस्पताल में उपचार जारी, पुलिस पहुंची मौके पर
जोधपुर, 21 अक्टूबर (हि.स.)। शहर के निकटवर्ती झंवर पुलिस थाना क्षेत्र के धवा रोड पर बुधवार सुबह सडक़ हादसे में दो शिक्षिकाएं घायल हो गई। वे स्कूटी पर सवार थी और एक स्विफ्ट की टक्कर से बुरी तरह घायल हो गई। बाद में एमडीएम अस्पताल ले जाया गया। इधर हादसे की जानकारी पर झंवर पुलिस मौके पर पहुंची। शिक्षिकाओं की हालत में अब सुधार बताया जाता है।
जानकारी के अनुसार धवा से पिपराली-धवा स्थित राजकीय संस्कृत विद्यालय में ड्यूटी पर जा रही दो महिला शिक्षिकाएं बुधवार सुबह 11 बजे के आस-पास सडक़ हादसे का शिकार हो गई। स्कूटी पर सवार शिक्षिका चित्रा और इमरती सामने से आ रही स्विफ्ट कार की चपेट में आ गई। हादसे में शिक्षिका चित्रा के सिर पर गंभीर चोट लगी है। दोनों घायल शिक्षिकाओं को उपचार के लिए धवा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां से गंभीर रूप से घायल शिक्षिका चित्रा और उनकी साथी इमरती को बाद में एमडीएम अस्पताल भेजा गया। फिलहाल उनकी हालत में सुधार होना बताया गया है। पुलिस ने दुर्घटना में क्षतिग्रस्त स्कूटी और स्विफ्ट कार मौके से हटवा कर को थाने में रखवाया।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

