home page

जबलपुर : बरेला में भीषण सड़क हादसा: डंपर की टक्कर के बाद कार में लगी आग, दो लोगों की जिंदा जलकर मौत

 | 
जबलपुर : बरेला में भीषण सड़क हादसा: डंपर की टक्कर के बाद कार में लगी आग, दो लोगों की जिंदा जलकर मौत


जबलपुर, 13 जून (हि.स.)। मध्‍य प्रदेश के जबलपुर जिले के बरेला थाना क्षेत्र में शनिवार शाम को एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया। शारदा मंदिर के पास एक तेज रफ्तार डंपर ने सामने से आ रही कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार डंपर के नीचे फंस गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के बाद भी डंपर चालक वाहन नहीं रोक सका और कार को करीब आधा किलोमीटर तक घसीटता हुआ ले गया।

इस दौरान घिसट रही कार आगे खड़े एक अन्य वाहन से टकरा गई, जिसके बाद उसमें अचानक आग भड़क उठी। आग इतनी तेजी से फैली कि कार में सवार दो लोगों को बाहर निकलने का अवसर तक नहीं मिला और दोनों वाहन के भीतर ही जिंदा जल गए।

घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने आग बुझाने और कार में फंसे लोगों को बचाने का प्रयास किया, लेकिन आग की भयावह लपटों के कारण सफलता नहीं मिल सकी। सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीम घटनास्थल पर पहुंची। फायर ब्रिगेड ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

आग बुझने के बाद पुलिस ने कार की तलाशी ली, जिसमें दो पूरी तरह झुलसे हुए शव बरामद हुए। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवा दिया। हादसे की सूचना मिलते ही मृतकों के परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई।

पुलिस ने फरार डंपर चालक के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और चालक की लापरवाही को हादसे का प्रमुख कारण माना जा रहा है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर दुर्घटना की परिस्थितियों की विस्तृत जांच कर रही है।

यह दर्दनाक हादसा एक बार फिर सड़कों पर दौड़ रहे भारी वाहनों की बेलगाम रफ्तार और यातायात नियमों की अनदेखी पर गंभीर सवाल खड़े करता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक