मुरैना: राष्ट्रीय राजमार्ग 44 पर सड़क हादसा, 3 दोस्तों की मौत
मुरैना, 25 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मुरैना जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग 44 पर बुधवार को दो बाइकों पर सवार होकर करोली माता राजस्थान दर्शन करने निकले 3 दोस्तों की रास्ते में मौत हो गई।
एक तेज रफ्तार वाहन ने उनकी बाइक मे टक्कर मार दी। जिससे दो दोस्तों ने मौके पर दम तोड़ दिया, जबकि एक ने उपचार के दौरान दम तोड़ा। उनके साथ दूसरी बाइक पर दो और दोस्त थे। मृतकों में एक ग्वालियर का दो झांसी के रहने वाले है। हादसे की खबर मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची।
पुलिस ने तीनों शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया है। यह हादसा जिले के थाना सिविल लाइन क्षेत्र अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग 44 पर मंगलवार-बुधवार को छौंदा टोल प्लाजा तथा आसन नदी के बीच मार्ग पर हुआ है।
जानकारी के अनुसार झांसी ग्वालियर से पांच मित्र दो बाईक पर राजस्थान के करौली माता मंदिर पर दर्शन के लिए जा रहे थे। देर रात राष्ट्रीय राजमार्ग 44 पर छोंदा टोल के पहले ही अज्ञात वाहन ने बाइक में पीछे से मारी टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबर्दस्त हुई कि अरुण प्रजापति तथा विशाल वर्मा की मौके पर मौत हो गई। घायल शिवम वर्मा को जिला चिकित्सालय लेकर पहुंचे जहां उसने भी दम तोड दिया। आज तीनों मृतक का पोस्टमार्टम पश्चात शव परिजनों को सोंप दिया गया।
पुलिस को प्रत्यक्षदर्शी रामकुमार वर्मा ने घटना की थी सूचना, पुलिस ने फरियादी की शिकायत पर अज्ञात वाहन चालक के विरुद्ध मामला दर्ज कर चालक की तलाश मे जुट गई है।
फरियादी के अनुसार वह स्वयं अपने दोस्त प्रदीप वर्मा निवासी झांसी तथा अरूण प्रजापति निवासी ग्वालियर एवं शिवम वर्मा व विशाल वर्मा निवासीगण झांसी के साथ अलग-अलग दो बाइक पर ग्वालियर से राजस्थान के करोली माता मंदिर पर दर्शन के लिये जा रहे थे।
मुरैना के थाना सिविल लाइन क्षेत्रान्तर्गत छौंदा गांव के सामने आसन नदी का पुल पार करने के बाद पीछे से आ रहे अज्ञात वाहन ने अरूण प्रजापति की बाइक में टक्कर मार दी। जिससे मौके पर ही अरूण व विशाल वर्मा की मौत हो गई। वहीं शिवम वर्मा गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना साथी राजकुमार वर्मा ने पुलिस को दी। मौके पर पहुंची थाना सिविल लाइन पुलिस ने घायल शिवम को जिला चिकित्सालय पहुंचाया। यहां दौराने उपचार शिवम ने दम तोड़ दिया। दुर्घटना के बाद रास्ते में बड़ी देर तक जाम लगा रहा। पुलिस ने अरूण व विशाल के शव डेड हाउस पहुंचाये।
हिदुस्थान समाचार/उपेंद्र
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा

