अशोका रोड पर सड़क हादसा, बाइक सवार दो भाइयों की मौत
नई दिल्ली, 28 अप्रैल (हि.स.)। राजधानी के संसद मार्ग थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात हुए सड़क हादसे में बाइक सवार दो भाइयों की मौत हो गई। हादसा महादेव रोड टी-पॉइंट, अशोका रोड स्थित पीएनबी कॉम्प्लेक्स के सामने हुआ, जहां एक तेज रफ्तार मालवाहक वाहन ने मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों भाई सड़क पर अचेत होकर गिर पड़े।
पुलिस के अनुसार घटना की सूचना पीसीआर कॉल के जरिए मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान 20 वर्षीय यज्ञ भाटिया और 14 वर्षीय अभव भाटिया के रूप में हुई है। दोनों अशोक नगर इलाके के रहने वाले थे। यज्ञ बीएससी का छात्र था, जबकि अभव स्कूल में पढ़ाई करता था।
नई दिल्ली जिले के पुलिस उपायुक्त संचिन शर्मा ने मंगलवार को बताया कि घटना के बाद जिला क्राइम टीम और फॉरेंसिक टीम को मौके पर बुलाकर साक्ष्य जुटाए गए। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए राम मनोहर लोहिया अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है। पुलिस ने प्रत्यक्षदर्शी के बयान के आधार पर संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। जांच में दुर्घटना करने वाले वाहन की पहचान कर ली गई है और चालक की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मालवाहक वाहन की तेज रफ्तार और लापरवाही हादसे की वजह हो सकती है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि दुर्घटना के पूरे घटनाक्रम की पुष्टि की जा सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी

