कार में आग लगाने के तीन आरोपी गिरफ्तार
जोधपुर, 12 अक्टूबर (हि.स.)। ओसियां में बस रूट को लेकर हुए विवाद में जानलेवा हमला और कार में आग लगाने के मामले में पुलिस ने 3 लोगों को गिरफ्तार किया है, साथ ही वारदात में काम में ली गई गाड़ी को भी जब्त कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, बेहचारणान निवासी सुजानदान ने रिपोर्ट दर्ज करवाई कि एक अक्टूबर की रात करीब 8 बजे वह अपने भाई प्रकाशदान के साथ कार से एकलखोरी से गांव लौट रहे थे। इस दौरान सिल्वर रंग की क्रेटा कार लगातार उनका पीछा कर रही थी। डाबड़ी चौराहे पर स्पीड ब्रेकर के पास उनकी कार धीमी हुई तो क्रेटा सवारों ने जोरदार टक्कर मार दी। आरोप है कि उनकी कार को घसीटते हुए सडक़ से नीचे तारबंदी में धकेल दिया गया। इसके बाद आरोपियों ने कार के शीशे तोडऩे शुरू कर दिए। आरोपियों ने कार में पेट्रोल डालकर आग लगा दी। जब प्रकाशदान बाहर निकले तो भंवरदान ने उनके सिर पर तलवार से वार किया, जबकि आवडदान ने कुल्हाड़ी से हमला किया। आरोपियों ने उन्हें गाड़ी से कुचलने का प्रयास भी किया और जेब से करीब 5 हजार रुपए निकाल लिए। रिपोर्ट के अनुसार, हमलावर प्रकाशदान को मृत समझकर सडक़ किनारे झाडिय़ों में फेंककर फरार हो गए। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग और राहगीर मौके पर पहुंचे, जिसके बाद पीडि़त की जान बच सकी। मामले को लेकर ग्रामीण एसपी पंकज यादव के निर्देशन में पुलिस ने तीन आरोपियों खाबड़ा खुर्द, ओसियां निवासी दलपतदान चारण पुत्र गंगादान और उसके भाई मनोहरदान व आवडदान को गिरफ्तार कर वारदात में काम में ली क्रेटा गाड़ी को जब्त कर लिया है।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

