home page

सर्विस सेंटर पर हाई वोल्टेज करंट लगने पर कर्मचारी की मौत : मालिक पर लापरवाही का आरोप

 | 
सर्विस सेंटर पर हाई वोल्टेज करंट लगने पर कर्मचारी की मौत : मालिक पर लापरवाही का आरोप


जोधपुर, 12 अक्टूबर (हि.स.)। शहर के उमराव खां पेट्रोल के सामने एक सर्विस सेंटर पर काम करने वाले कर्मचारी को हाई वोल्टेज करंट लग गया। हादसे में गंभीर रूप से घायल कर्मचारी को बाद में अस्पताल ले जाया गया, मगर उसकी मौत हो गई। मृतक के रिश्तेदार की तरफ से सर्विस सेंटर के मालिक के खिलाफ लापरवाही किए जाने का आरोप लगाते हुए राजीव गांधी नगर थाने में रिपोर्ट दी गई है।

राजीव गांधी नगर थाना पुलिस ने बताया कि लूणी तहसील के शुभदंड स्थित नाणासर कागनाडा निवासी दिनेश पुत्र सागरराम विश्नोई की तरफ से रिपोर्ट दी गई। इसमें बताया कि उसका रिश्तेदार 39 वर्षीय शुभदंड कागनाडा निवासी भंवरलाल पुत्र चैनाराम विश्रोई यहां उमराव पेट्रोल के सामने एक सर्विस सेंटर पर कार्य करता था। 10 अक्टूबर को काम करते वक्त वहां हाई वोल्टेज करंट से भंवरलाल बुी तरह घायल हो गया। जिसे बाद में अस्पताल ले जाया गया। मगर उसकी मौत हो गई। रिपोर्ट में सर्विस सेंटर के मालिक अकिल खां पर लापरवाही का आरोप लगाया गया है। फिलहाल पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवा परिजन को सुपुर्द किया है। मामले में अग्रिम जांच की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश