साइबर क्राइम के आरोपी को पकडऩे आई हरियाणा पुलिस पर हमला
जोधपुर, 08 अक्टूबर (हि.स.)। जिले के ओसियां में साइबर क्राइम के आरोपी को पकडऩे पहुंची हरियाणा पुलिस की टीम पर हमला हो गया। ओसियां थाने से महज 100 मीटर की दूरी पर यह वाकया हुआ।
पुलिस ने आरोपी को अपने वाहन में बैठा लिया था। तभी थार, फॉरच्यूनर सहित कई वाहनों में आए लोगों ने पुलिस वाहन को घेर लिया। लाठी और पत्थरों से हमला किया। शीशे क्षतिग्रस्त हो गए। बदमाशों ने आरोपी को छुड़ाने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस जैसे-तैसे वाहन को थाने में ले गई। इसके बाद बदमाश फरार हो गए बदमाशों में शामिल चंद्रप्रकाश ने ड्राइवर साइड के शीशे पर लाठी से वार किया। फिर दूसरी तरफ जाकर बड़ा पत्थर उठाकर वाहन पर मारने लगा। पीछे मौजूद दो युवकों ने पुलिस वाहन का दरवाजा खोलने का प्रयास किया।
अंदर बैठे नरपतराम ने भी अंदर से दरवाजा खोलने की कोशिश की, लेकिन एसआई सुनील कुमार ने उसे रोक दिया। इसी दौरान मौका पाकर पुलिस थाने तक पहुंचने में कामयाब हो गई और हमलावर भाग गए। हरियाणा पुलिस ने मामले को लेकर ओसियां थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई है।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

