बैंककर्मी बनकर बुजुर्ग के बैंक खाते से निकाले 1.57 लाख
जयपुर, 29 सितंबर (हि.स.)। जवाहर नगर थाना इलाके में बैंककर्मी बनकर एक 69 वर्षीय बुजुर्ग से साइबर ठगी का मामला सामने आया है। शातिर ने बैंक कर्मी बनकर बुजुर्ग से उनके बैंक खाते की पूरी जानकारी हासिल कर ली। इसके बाद अज्ञात आरोपी ने खाते से 1 लाख 57 हजार 500 रुपए निकाल लिए। बैंक ऑफ बड़ौदा की जवाहर नगर शाखा से फोन आने पर बुजुर्ग को खाते में हुई धोखाधड़ी का पता चला।
थानाधिकारी सरला यादव ने बताया कि सिंधी कॉलोनी निवासी 69 वर्षीय बुजुर्ग ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनके पास एक व्यक्ति का फोन आया था। फोन करने वाले ने खुद को बैंक कर्मी बताया और बैंक खाते से संबंधित जानकारी मांगी। बुजुर्ग उसके झांसे में आ गए और आरोपी को अपने बैंक खाते की पूरी डिटेल दे दी। इसके बाद 26 सितंबर की सुबह करीब 7:30 से 8 बजे के बीच बुजुर्ग के पास बैंक ऑफ बड़ौदा, जवाहर नगर शाखा से फोन आया। बैंक कर्मियों ने उन्हें खाते में फ्रॉड होने की जानकारी दी। इसके बाद बुजुर्ग ने तत्काल अपना बैंक खाता ब्लॉक करवाया और ऑनलाइन साइबर फ्रॉड की शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया कि अज्ञात व्यक्ति ने बुजुर्ग के बैंक खाते से कुल 1,57,500 रुपए की धोखाधड़ी की है। पुलिस अब रकम किन खातों में ट्रांसफर हुई और वारदात में कौन-कौन लोग शामिल हैं, इसकी जानकारी जुटा रही है। साथ ही आरोपी की पहचान के लिए तकनीकी साक्ष्यों और बैंक लेनदेन की जानकारी खंगाली जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

