दस हजार की रिश्वत लेते एएसआई गिरफ्तार
जयपुर, 06 अक्टूबर (हि.स.)। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने मंगलवार को जयपुर कमिश्नरेट के प्रताप नगर थाने में तैनात सहायक उप निरीक्षक (एएसआई) सुखदेव जाट को महिला परिवादिया से दस हजार रुपए की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया। एएसआई ने थाने में दर्ज मुकदमे में प्रभावी पैरवी करने, परिवादिया की मदद करने, आरोपी को गिरफ्तार करने और चालान पेश करने की एवज में रिश्वत मांगी थी। ट्रैप कार्रवाई के दौरान उसने रिश्वत की रकम अपनी पहनी हुई खाकी वर्दी की पेंट की जेब में रख ली थी। जिसे एसीबी टीम ने बरामद की।
एसीबी महानिदेशक गोविन्द गुप्ता के अनुसार एसीबी चौकी एसयू प्रथम जयपुर में महिला परिवादिया ने लिखित शिकायत दी थी कि प्रताप नगर थाने में दर्ज प्रकरण के अनुसंधान अधिकारी एएसआई सुखदेव जाट मुकदमे में प्रभावी पैरवी करने, उसकी मदद करने, आरोपी को गिरफ्तार करने और चालान पेश करने की एवज में दस हजार रुपए की रिश्वत मांग रहा हैं। शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने रिश्वत मांग का सत्यापन कराया। सत्यापन के दौरान एएसआई सुखदेव जाट द्वारा परिवादिया से दस हजार रुपए की रिश्वत मांगने की पुष्टि हुई। इसके बाद एसीबी ने ट्रैप कार्रवाई की योजना बनाई। जिस पर एसीबी की पुलिस उपाधीक्षक अर्चना मीणा के नेतृत्व में ट्रैप टीम गठित की गई। एसीबी की टीम ने मंगलवार को कार्रवाई के दौरान एएसआई सुखदेव जाट ने परिवादिया से दस हजार रुपए की रिश्वत प्राप्त की और उसे अपनी पहनी हुई खाकी वर्दी की पेंट की जेब में रख लिया। इशारा मिलते ही एसीबी टीम ने उसे पकड़ लिया और उसके कब्जे से रिश्वत की पूरी रकम बरामद कर ली।
एसीबी की प्रारंभिक जांच में सामने आया कि परिवादिया से संबंधित कार्य और मुकदमा आरोपी एएसआई के पास लंबित था। रिश्वत लेने के आरोप में उसे गिरफ्तार करने के बाद एसीबी टीम उससे पूछताछ कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

