नौ साल से फरार बीस हजार का ईनामी गिरफ्तार
प्रयागराज, 17 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में स्थित मऊआइमा थाने की पुलिस टीम ने शुक्रवार को 9 साल से फरार 20 हजार रुपये के इनामी शातिर लुटेरे को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपित के खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए जेल भेज दिया।
पुलिस उपायुक्त गंगानगर कुलदीप सिंह ने बताया कि प्रयागराज के पूरामुफ्ती थाना क्षेत्र के मरियाडीह निवासी इस्माइल उर्फ इजराईल पुत्र यूसुफ जो महाराष्ट्र मुंबई के शिवाजी नगर मुंबई में रह रहा था। पुलिस टीम ने उसे मुंबई के शिवाजी नगर थाना क्षेत्र के टेम्पो स्टैंड के पास से गिरफ्तार किया। इसके बाद स्थानीय न्यायालय से ट्रांजिट रिमांड लेकर प्रयागराज लाया गया, जहां उसके खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, आरोपित वर्ष 2017 में थाना मऊआइमा क्षेत्र के सीडी ढाबा के पास ट्रक चालक के साथ मारपीट कर ट्रक लूट की घटना में शामिल था। इस मामले में मुकदमा दर्ज होने के बाद से वह फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी पर 20 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। इस प्रकरण में पूर्व में 8 अन्य आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।
डीसीपी ने बताया कि अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी है और फरार वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए टीमें सक्रिय रूप से कार्य कर रही हैं। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसे अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक हरिशंकर सिंह और उपनिरीक्षक विवेक कुमार शामिल रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

