home page

जिला बदर होकर भी रंगदारी का खेल, ‘बरेली में मेरा आतंक’ कहने वाला ऋषभ ठाकुर गिरफ्तार

 | 
जिला बदर होकर भी रंगदारी का खेल, ‘बरेली में मेरा आतंक’ कहने वाला ऋषभ ठाकुर गिरफ्तार


बरेली, 23 फरवरी (हि.स.) । जिला बदर घोषित किए जाने के बावजूद शहर में दबंगई दिखा रहे ऋषभ ठाकुर को बारादरी पुलिस ने आखिरकार गिरफ्तार कर लिया। राजेंद्रनगर के कैफे में छात्रों से मारपीट और स्पा सेंटर संचालिका से रंगदारी मांगने के आरोपों से घिरा ऋषभ बीडीए की नवनिर्मित कॉलोनी में छिपकर रह रहा था। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने दबिश देकर उसे दबोच लिया। कोर्ट में पेशी के बाद उसे जेल भेज दिया गया।

बताया जाता है कि 28 दिसंबर को राजेंद्रनगर स्थित एक कैफे में छात्रों के साथ मारपीट की घटना के बाद ऋषभ सुर्खियों में आया था। प्रशासन ने सख्ती दिखाते हुए उसे छह माह के लिए जिला बदर कर दिया था। 4 फरवरी 2026 को उसे बरेली से बदायूं सीमा में छोड़ा गया था। इसके बावजूद वह शहर लौट आया और कथित तौर पर अपने साथियों के जरिए रंगदारी वसूली का खेल जारी रखा।

पीलीभीत रोड स्थित कासा गोल्डन स्पा सेंटर का वीडियो वायरल होने के बाद मामला और तूल पकड़ गया। देह व्यापार के आरोपों के बीच एक ऑडियो सामने आया, जिसमें 40 हजार रुपये की मांग की जा रही थी। ऑडियो में खुद को ‘बरेली में मेरा आतंक है’ कहने की बात भी सामने आई। स्पा सेंटर की रिसेप्शनिस्ट मुस्कान की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया था।

आरोप है कि वह अपने गुर्गों से स्पा सेंटरों के वीडियो बनवाकर संचालकों को ब्लैकमेल करता था। वायरल वीडियो और ऑडियो के बाद पुलिस पर कार्रवाई का दबाव बढ़ गया था। सोमवार शाम पुख्ता सूचना मिलने पर पुलिस ने बीडीए कॉलोनी में छापा मारकर उसे गिरफ्तार कर लिया।

बारादरी थाना प्रभारी धनंजय पांडेय ने बताया कि आरोपित जिला बदर होने के बावजूद शहर में सक्रिय था। उसके खिलाफ पहले से दर्ज मुकदमों के आधार पर कार्रवाई की गई है। उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से जेल भेज दिया गया। मामले में अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / देश दीपक गंगवार