home page

मनौना श्याम मंदिर से अगवा बच्चा बरामद, मुठभेड़ में दो अपहरणकर्ता गिरफ्तार

 | 
मनौना श्याम मंदिर से अगवा बच्चा बरामद, मुठभेड़ में दो अपहरणकर्ता गिरफ्तार


बरेली, 27 मई (हि.स.) । उत्तर प्रदेश में बरेली जिले के आंवला क्षेत्र स्थित मनौना श्याम मंदिर से अगवा किए गए डेढ़ साल के मासूम ऋषभ को पुलिस ने मंगलवार देर रात सकुशल बरामद कर लिया। बच्चे के अपहरण के मामले में पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में दो आरोपी गोली लगने से घायल हो गए, जबकि एक हेड कांस्टेबल भी फायरिंग में जख्मी हो गया। पुलिस ने दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया।

एसपी दक्षिणी अंशिका वर्मा ने बताया कि ऋषभ मंदिर परिसर में रहने वाले सफाईकर्मी रमन का बेटा है। रविवार दोपहर वह अचानक लापता हो गया था। काफी तलाश के बाद भी जब बच्चे का कोई सुराग नहीं मिला तो परिवार ने पुलिस को सूचना दी। घटना के बाद मंदिर परिसर और आसपास के इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। फुटेज में दो युवक बच्चे को अपने साथ ले जाते दिखाई दिए, जिसके बाद पुलिस ने अपहरण का मुकदमा दर्ज कर जांच तेज कर दी।

बच्चे की तलाश के लिए पुलिस की कई टीमें लगाई गई थीं। मंगलवार देर रात पुलिस को सूचना मिली कि बाइक सवार दो युवक बच्चे को लेकर अलीगंज रोड की ओर जा रहे हैं। सूचना मिलते ही आंवला सीओ के नेतृत्व में पुलिस टीम ने हुलासी फाटक के पास घेराबंदी कर दी। पुलिस ने जैसे ही दोनों युवकों को रोकने का प्रयास किया, उन्होंने फायरिंग शुरू कर दी।

फायरिंग के दौरान एक गोली हेड कांस्टेबल उमेश की बांह को छूते हुए निकल गई। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली दोनों बदमाशों के पैर में लगी, जिससे वे बाइक समेत सड़क पर गिर पड़े। इसी दौरान मासूम ऋषभ भी नीचे गिर गया। पुलिसकर्मियों ने तुरंत बच्चे को सुरक्षित कब्जे में लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां उसके सिर में हल्की चोट मिलने पर प्राथमिक उपचार किया गया। डॉक्टरों ने बच्चे को खतरे से बाहर बताया है।

पकड़े गए आरोपियों की पहचान शाहजहांपुर जिले के गढ़िया रंगीन थाना क्षेत्र के धोपला करीम नगर निवासी योगेश और बदायूं के ककराला निवासी पवन सिंह के रूप में हुई है। योगेश एमएससी नर्सिंग का छात्र है।

एसपी दक्षिणी ने बताया कि शुरुआती पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी बच्चे को बेचने की योजना बना रहे थे। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गिरोह में और कौन-कौन शामिल हैं और क्या इससे पहले भी बच्चों के अपहरण की घटनाओं में इनका हाथ रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / देश दीपक गंगवार