रामदेवरा मेला शुरू होने के साथ बढ़ी चोरियां : रात को परिवार की मौजूदगी में पीछे की खिडक़ी तोडक़र प्रवेश करती है गैंग
जोधपुर, 09 सितम्बर (हि.स.)। रामदेवरा मेला अब चरम पर है। ऐसे में अब जातरूओं का आने का सिलसिला भी तेजी से बढ़ा है। हर साल की तरह की इस बार भी जातरूओं की आड़ में चोरों की गैंग आने लगी है। कमिश्ररेट के जिला पूर्व में गुजरी रात एक साथ पांच घरों में चोरी हो गई। डांगियावास, मथानिया और करवड़ थाना क्षेत्र से चोरों ने लाखों के माल पर हाथ साफ किया। सभी चोरियों में एक समानता देखने को मिली कि चोर परिवार की मौजूदगी में पीछे की खिडक़ी तोड़ कर प्रवेश करते है और वारदात को अंजाम देते है।
प्रकरण संख्या 1:
डांगियावास थाना क्षेत्र के काकेलाव गांव में एक मजदूर के घर में रात के समय चोरी की वारदात सामने आई है। पीडि़त ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि 7- 8 सितंबर की रात करीब 11 बजे से सुबह 3 बजे के बीच अज्ञात चोर घर के पीछे की ओर से घुसे और चोरी की वारदात को अंजाम दिया।
पीडि़त नैनाराम पुत्र गोबरराम मेघवाल, निवासी मेघवालों का बास, काकेलाव ने बताया कि परिवार के सदस्य घर के बाहर चौक में सो रहे थे। तब चोरों ने पीछे से दरवाजे के पास की खिडक़ी तोडक़र घर में प्रवेश किया। सुबह उठने पर घर में चोरी होने का पता चला। रिपोर्ट के अनुसार चोर 3 तोला सोने की टूसी, 3 तोला रकड़ी सेट, 2 सोने की अंगुठियां, 2 सोने के लूंग तथा 2 चांदी की छड़ा की जोडिय़ां चोरी कर ले गए। पीडि़त मजदूरी करता है।
प्रकरण संख्या -2 :
मथानिया थाना क्षेत्र के सिंधियो की ढाणी, हरिसागर बेरा में अज्ञात चोरों ने एक ही रात में तीन मकानों को निशाना बनाकर लाखों रुपये की नकदी और सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए। चोर एक मोटरसाइकिल भी अपने साथ ले गए।
परिवादी मूलाराम पुत्र लाबूराम, निवासी हरिसागर बेरा ने रिपोर्ट में बताया कि 7-8 सितंबर की मध्यरात्रि करीब 12 बजे से 2 बजे के बीच अज्ञात चोर घर की पीछे की खिडक़ी के लोहे के सरिये तोडक़र अंदर घुसे। चोरों ने पेटी और अलमारी के ताले-कुंडे तोडक़र करीब 7.50 लाख रुपये नकद, करीब डेढ़ तोला सोने का मंगलसूत्र, 40 तोला चांदी का कंदोरा, 7 तोला चांदी की हाथ की चेन सहित चांदी की बिछियां चोरी कर लीं।
इसके अलावा पड़ौस में रखी एक बाइक भी चोरी कर ली गई। रिपोर्ट के अनुसार, चोरों ने पड़ौसी खेमसिंह के मकान के पीछे की खिडक़ी से अंदर घुसकर करीब 20 हजार रुपये नकद, आधा तोला सोने की बिटी, नाक की फीणी, चांदी के छड़े, हाथ का ब्रेसलेट और करीब 50 तोला चांदी की अंगूठियां भी चुरा लीं।
प्रकरण संख्या -3
करवड़ पुलिस के अनुसार श्रीराम नगर बाडिया पुरोहितान लाछा बासनी निवासी हीरालाल पुत्र घीसूराम माली के घर में भी 7-8 सितंबर की रात को चोरों ने सैंध लगाकर लाखों के जेवरात और नगदी चुरा ले गए। उसके द्वारा करवड़ थाने में रिपोर्ट दी गई।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

