home page

कटिहार में पुलिस और उपद्रवियों के बीच हुई झड़प में 9 गिरफ्तार

 | 

कटिहार, 08 अप्रैल (हि.स.)। जिले के फलका थाना क्षेत्र में बीते बुधवार को हुई एक घटना के बाद पुलिस और उपद्रवियों के बीच झड़प हो गई। इस घटना में पुलिस ने अब तक 9 लोगों को गिरफ्तार किया है।

उल्लेखनीय है कि 03 अप्रैल कि रात फलका थाना हाजत में एक आरोपी राकेश कुमार यादव ने फांसी लगाकर आत्महत्या का प्रयास किया, जिसके बाद उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। इस घटना को लेकर स्थानीय कुछ लोगों ने सड़क जाम कर प्रदर्शन किया और फलका थाना पर उपद्रव मचाया। पुलिस बल ने तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। इसी क्रम में कुछ असामाजिक तत्वों ने पुलिस बल के साथ अभद्र व्यवहार किया और सरकारी हथियार छीनने का प्रयास किया।

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छिना गया हथियार सुरक्षित रूप से बरामद कर लिया। घटना के संबंध में सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संलिप्त व्यक्तियों की पहचान करते हुए सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपियों में निरज कुमार, सुरज कुमार, प्रकाश यादव और नजरूद्दीन आदि शामिल हैं। इन लोगों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

कटिहार पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वे शांति और विधि-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें और किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें। पुलिस ने कहा है कि घटना में संलिप्त अन्य व्यक्तियों की पहचान सीसीटीवी के माध्यम से की जा रही है और उनके विरुद्ध भी कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह