सागर: सीमांकन के नाम पर 7 हजार रुपये की रिश्वत लेते आरआई लोकायुक्त के हत्थे चढ़ा
सागर, 23 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सागर लोकायुक्त पुलिस की टीम ने गुरुवार को तहसील कार्यालय परिसर में छापामार कार्रवाई करते हुए राजस्व निरीक्षक (आरआई) अविनाश सिंघई को 7 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी अधिकारी पर सीमांकन कराने के बदले में किसान से अवैध राशि मांगने का आरोप है।
जानकारी के अनुसार, आरोपी आरआई अविनाश सिंघई परसोरिया हल्के में पदस्थ है। शिकायतकर्ता किसान ने लोकायुक्त पुलिस को दी अपनी शिकायत में बताया कि वह अपनी जमीन के सीमांकन के लिए पिछले छह महीनों से लगातार तहसील कार्यालय के चक्कर काट रहा था। आरआई उसका काम करने के एवज में लगातार टालमटोल कर रहा था और 8 हजार रुपये की रिश्वत मांग रहा था।
परेशान किसान ने इस मामले की शिकायत पहले 'मुख्यमंत्री हेल्पलाइन' पर भी दर्ज कराई थी, लेकिन वहां से भी उसे कोई राहत नहीं मिली और समस्या जस की तस बनी रही। अंततः कोई रास्ता न देख पीड़ित किसान ने सागर लोकायुक्त पुलिस एसपी से संपर्क साधा और अपनी आपबीती सुनाई। लोकायुक्त पुलिस ने शिकायत का प्रारंभिक सत्यापन कराया, जिसमें रिश्वत मांगने की बात पूरी तरह सही पाई गई।
शिकायत सही पाए जाने पर लोकायुक्त टीम ने आरोपी को पकड़ने के लिए एक सुनियोजित योजना बनाई और गुरुवार को तहसील कार्यालय परिसर में जाल बिछाया। जैसे ही किसान ने तय सौदे के अनुसार 7 हजार रुपये की राशि आरआई अविनाश सिंघई को सौंपी, पास में ही मुस्तैद लोकायुक्त टीम ने दबिश देकर उसे रंगे हाथों दबोच लिया। अचानक हुई इस कार्रवाई से तहसील कार्यालय परिसर में हड़कंप मच गया और कई अन्य कर्मचारी अपना काम छोड़कर मौके से खिसकते नजर आए। लोकायुक्त पुलिस ने आरोपी आरआई के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे

