रीवाः रिंग रोड किनारे बुजुर्ग महिला की सिर कटी लाश मिली, जांच में जुटी पुलिस
रीवा, 30 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के रीवा शहर के बिछिया थाना क्षेत्र अंतर्गत रिंग रोड के समीप आदिवासी बस्ती के पास सोमवार को एक बुजुर्ग महिला की सिर कटी एवं क्षत-विक्षत लाश मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए और पुलिस को सूचना दी गई।
स्थानीय लोगों द्वारा मृत महिला की पहचान लीलावती पटेल के रूप में की गई है। ग्रामीणों ने बताया कि इस तरह की दर्दनाक स्थिति में शव मिलने से पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है। सूचना मिलते ही बिछिया थाना प्रभारी राजीव अग्रवाल पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया। इसके बाद रीवा पुलिस अधीक्षक शैलेंद्र सिंह चौहान भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी।
घटनास्थल पर भारी पुलिस बल मौजूद है एवं पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। फिलहाल घटना के कारणों का पता नहीं चल सका है, लेकिन पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। इस सनसनीखेज घटना के बाद क्षेत्र में भय और आक्रोश का माहौल व्याप्त है। पुलिस ने जल्द ही मामले का खुलासा करने का भरोसा दिलाया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / हीरेन्द्र द्विवेदी

