कानपुर : 10 साल से फरार 25 हजार का इनामी हत्यारोपित गिरफ्तार
कानपुर, 22 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के कानपुर जनपद में बिठूर थाना क्षेत्र में वर्ष 2016 में हुए हत्या के मामले में 10 वर्षों से फरार चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी हत्यारोपित को बिधनू पुलिस ने बुधवार को गिरफ्तार कर लिया। हत्यारोपित के कब्जे से 315 बोर का एक अवैध तमंचा और दो जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं। गिरफ्तार आरोपित पर हत्या का मुकदमा बिठूर थाने में दर्ज है, जबकि बरामदगी के आधार पर बिधनू थाना पुलिस ने आर्म्स एक्ट के तहत अलग से मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस उपायुक्त दक्षिण दीपेंद्र नाथ चौधरी ने बुधवार को बताया कि वर्ष 2016 में बिठूर थाना क्षेत्र के एक खेत में 22 वर्षीय युवक का शव मिला था। जांच में सामने आया था कि युवक की किसी भारी वस्तु से वार कर हत्या की गई थी। मृतक के परिजनों की तहरीर पर इटकरा गांव निवासी अमर सिंह के खिलाफ हत्या सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था, जिसके बाद से वह लगातार फरार चल रहा था।
लंबे समय से उसकी तलाश की जा रही थी और गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था। मुखबिर से मिली सूचना पर बिधनू थाना पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आज हत्यारोपित अमर सिंह को शंभुआ रेलवे पुल के नीचे फाटक के पास से दबोच लिया।
पुलिस ने बताया कि हत्यारोपित के खिलाफ हत्या, लूट, गैंगस्टर और आर्म्स एक्ट समेत करीब 18 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पूछताछ के बाद उसे न्यायालय में पेश कर जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है।---------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

