home page

कोडीन कफ सिरप मामले में पांच माह से फरार इनामी शिवम अग्रवाल प्रयागराज से गिरफ्तार

 | 
कोडीन कफ सिरप मामले में पांच माह से फरार इनामी शिवम अग्रवाल प्रयागराज से गिरफ्तार


कानपुर, 04 अप्रैल (हि.स.)। कानपुर में अवैध कोडीन युक्त कफ सिरप के बड़े नेटवर्क का खुलासा करते हुए पुलिस ने 25 हजार के इनामी शिवम अग्रवाल को प्रयागराज से गिरफ्तार कर लिया है, जो पिछले पांच माह से फरार चल रहा था।

पुलिस आयुक्त रघुबीर लाल ने शनिवार को बताया कि मामले में पहले दर्ज आठ मुकदमों में 11 आरोपित वांटेड थे, जिनमें यह छठी और अहम गिरफ्तारी मानी जा रही है। हैरान करने वाली बात यह है कि शुरुआती एफआईआर में जहां 26 लाख बोतलों का जिक्र था, वहीं जांच में यह आंकड़ा बढ़कर करीब एक करोड़ बारह लाख बोतलों तक पहुंच गया है।

पूछताछ में सामने आया है कि शातिर ने बताया कि दो फर्जी कंपनियों के जरिए इस पूरे अवैध कारोबार को संचालित कर रहा था और कई राज्यों में इसका नेटवर्क फैला हुआ था।

इस पूरे मामले ने न सिर्फ स्वास्थ्य व्यवस्था बल्कि ड्रग कंट्रोल सिस्टम की भी गंभीर खामियां उजागर कर दी हैं।

पुलिस आयुक्त ने बताया कि गिरफ्तार शिवम अग्रवाल की लंबे समय से तलाश की जा रही थी और उसकी लोकेशन लगातार गुड़गांव, राजस्थान, दिल्ली और प्रयागराज में ट्रेस हो रही थी। आखिरकार सटीक सूचना के आधार पर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। उन्होंने बताया कि अभियुक्त के पिता विनोद अग्रवाल को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है और दोनों मिलकर इस अवैध धंधे को चला रहे थे।

जांच में यह भी सामने आया है कि शिवम को बद्दी (हिमाचल प्रदेश) और पानीपत से कफ सिरप की सप्लाई मिलती थी, जिसमें से करीब 76 लाख बोतलें बद्दी से लाई गई थीं। हालांकि अब तक केवल 10 से 15 लाख बोतलों का ही सत्यापन हो सका है, जिससे पूरे नेटवर्क की गहराई का अंदाजा लगाया जा सकता है।

पुलिस के अनुसार इस अवैध कारोबार का नेटवर्क बिहार, मध्य प्रदेश, पश्चिम बंगाल और यहां तक कि बांग्लादेश तक फैला हुआ है। मामले में अब तक करीब आठ करोड़ रुपये की संपत्ति सीज की जा चुकी है, जिसकी सुनवाई ट्रिब्यूनल में चल रही है।

फिलहाल पुलिस अभियुक्त से गहन पूछताछ कर रही है और अन्य फरार आरोपितों की तलाश में दबिश दी जा रही है। साथ ही फर्जी कंपनियों और सप्लाई चेन से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप