home page

मुठभेड़ में 20 हजार का इनामी गिरफ्तार, पैर में लगी गोली

 | 
मुठभेड़ में 20 हजार का इनामी गिरफ्तार, पैर में लगी गोली


बरेली, 23 जून (हि.स.) । भोजीपुरा पुलिस ने मंगलवार को मुठभेड़ के दौरान गौकशी और पुलिस पर फायरिंग के मामले में वांछित चल रहे 20 हजार रुपये के इनामी बदमाश जाहिद उर्फ अंडा को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपित के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे घायल अवस्था में पकड़ लिया गया। उसके कब्जे से पुलिस ने 315 बोर का तमंचा, खोखा कारतूस, तीन जिंदा कारतूस, मोबाइल और बाइक बरामद की है।

प्रभारी निरीक्षक भोजीपुरा कुंवर बहादुर सिंह ने बताया कि ग्राम घुरसमसपुर रोड पर पुलिस टीम चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि इनामी आरोपित जाहिद उर्फ अंडा वहां से गुजरने वाला है। पुलिस ने उसे रोकने का प्रयास किया तो आरोपित ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। गोली लगने से आरक्षी विकास घायल हो गए। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें जाहिद के दाहिने पैर में गोली लगी और उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। घायल आरोपित और सिपाही को उपचार के लिए सीएचसी भोजीपुरा भेजा गया।

गिरफ्तार आरोपित जाहिद हाल निवासी वार्ड नंबर छह धौरा टांडा भोजीपुरा का रहने वाला है। उसके खिलाफ भोजीपुरा थाने में गौवध निवारण अधिनियम, आयुध अधिनियम और पुलिस पर फायरिंग समेत कई मुकदमे दर्ज हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बरेली की ओर से 20 हजार रुपये का इनाम घोषित था।

पूछताछ में आरोपित ने पुलिस को बताया कि जनवरी में उसने साथियों के साथ सिंघाई नवदिया के जंगल में गौकशी की घटना को अंजाम दिया था। इसके अलावा 14 फरवरी को पुलिस टीम से हुई मुठभेड़ में भी वह शामिल था। पुलिस के अनुसार मौके से उसका साथी अजीम पुत्र यामीन निवासी सैदपुर चुन्नीलाल फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / देश दीपक गंगवार