home page

नजूल की करोड़ों की जमीन फर्जीवाड़ा मामले में 25 हजार का इनामी गिरफ्तार

 | 
नजूल की करोड़ों की जमीन फर्जीवाड़ा मामले में 25 हजार का इनामी गिरफ्तार


कानपुर, 20 मई (हि.स.)। नजूल की करोड़ों रुपये की भूमि को कूटरचित दस्तावेजों के जरिए बेचने के मामले में पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी आरोपित रेव दीपक कुमार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस पिछले करीब छह महीने से उसकी तलाश कर रही थी। आरोपित को अमृतसर से गिरफ्तार कर कानपुर लाया गया है।

एडीसीपी पूर्वी शिवा सिंह ने बताया कि दिसंबर 2025 में एक लेखपाल की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया था। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि नजूल की सरकारी भूमि के फर्जी दस्तावेज तैयार कर उसकी खरीद-फरोख्त की गई। मामले में पुलिस ने जितेंद्र सिंह, नरेंद्र सिंह, नागेंद्र सिंह, सुनील मसीह और रेव दीपक कुमार समेत पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था।

उन्होंने बताया कि जांच के दौरान पुलिस एक आरोपित को पहले ही जेल भेज चुकी है, जबकि जमीन खरीदने वाले कुछ लोगों को अदालत से अग्रिम जमानत मिल चुकी है। वहीं मुख्य आरोपितों में शामिल रेव दीपक कुमार लगातार फरार चल रहा था, जिसकी गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।

एडीसीपी के मुताबिक पुलिस टीम लगातार उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थी। इसी क्रम में सूचना मिलने पर अमृतसर से उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस अब मामले में उससे पूछताछ कर अन्य तथ्यों की जानकारी जुटा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप