home page

रीवा में सरकारी शिक्षक ने काटी कलाई की नस, सुसाइड नोट में टीआई और पत्रकार पर प्रताड़ना के गंभीर आरोप

 | 
रीवा में सरकारी शिक्षक ने काटी कलाई की नस, सुसाइड नोट में टीआई और पत्रकार पर प्रताड़ना के गंभीर आरोप


रीवा, 21 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के रीवा में गुरुवार सुबह एक सरकारी शिक्षक द्वारा आत्महत्या का प्रयास किए जाने से सनसनी फैल गई। पुलिस और एक पत्रकार की कथित प्रताड़ना से परेशान शिक्षक ने सुबह करीब 7 बजे अपनी कलाई की नस काट ली। गंभीर हालत में उन्हें संजय गांधी अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया है।

घटना से पहले शिक्षक ने पांच पन्नों का सुसाइड नोट लिखा, जिसमें उन्होंने विश्वविद्यालय थाना प्रभारी और पत्रकार निशांत मिश्रा उर्फ अंकित पर मानसिक प्रताड़ना, फर्जी मुकदमे और लगातार अपमानित किए जाने के आरोप लगाए हैं। नोट में उन्होंने लिखा कि वे “पापियों का जुल्म सह नहीं पाए”।

खून से सनी तस्वीर व्हाट्सएप ग्रुप में भेजी

आत्मघाती कदम उठाने के तुरंत बाद शिक्षक ने अपनी तस्वीर शिक्षकों के एक व्हाट्सएप ग्रुप में शेयर कर दी। तस्वीर देखकर सहकर्मियों में हड़कंप मच गया और तत्काल परिजनों को सूचना दी गई। घटना के समय शिक्षक गांव में थे, जबकि उनका परिवार रीवा शहर में मौजूद था। जानकारी मिलते ही परिजन और पड़ोसी मौके पर पहुंचे और उन्हें गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया।

सीएम राइज स्कूल लालगांव में पदस्थ हैं शिक्षक

घायल शिक्षक अनिल कुमार तिवारी सीएम राइज स्कूल (शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल) लालगांव में पदस्थ हैं। सुसाइड नोट में उन्होंने दावा किया है कि उन्हें झूठे मामलों में फंसाया गया और मानसिक रूप से इस कदर प्रताड़ित किया गया कि उनका जीवन असहनीय हो गया था।

बेटे ने कहा- पेड़ काटने के विवाद से शुरू हुआ पूरा मामला

पीड़ित शिक्षक के बेटे के मुताबिक, विवाद जमीन पर लगे एक हरे-भरे पेड़ को काटने से शुरू हुआ था। आरोप है कि मिश्रा परिवार ने बिना अनुमति पेड़ काट दिया। जब शिक्षक ने इसका विरोध किया तो उन्हें धमकियां दी गईं और बाद में उनके खिलाफ थाने में फर्जी केस दर्ज करा दिया गया।

बेटे का कहना है कि इस पूरे घटनाक्रम के बाद उनके पिता लगातार मानसिक तनाव में रहने लगे थे और बेहद आहत थे। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में शिक्षक, परिजन और स्थानीय लोग संजय गांधी अस्पताल पहुंच गए। डॉक्टरों की निगरानी में शिक्षक का इलाज जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे