रीवा में बीड़ी के लिए क़त्ल अन्धी हत्या का पुलिस ने किया खुलासा
रीवा, 14 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के रीवा जिले में महज एक बीड़ी और उधारी के विवाद में ले ली नशे की तलब और मामूली कहासुनी किस कदर एक इंसान को हैवान बना सकती है, इसकी एक खौफनाक बानगी जिले के गोविंदगढ़ थाना क्षेत्र में देखने को मिली। जहां ग्राम पांती में हुई बुजुर्ग की हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर सनसनीखेज वारदात का शनिवार को खुलासा किया है।
बताया गया है कि मामूली विवाद में आरोपी ने बुजुर्ग की जान ले ली थी। बीड़ी देने से मना करने और पुराने उधार के पैसे मांगने पर हुए विवाद ने इतना गंभीर रूप ले लिया कि आरोपी ने डंडे और पत्थरों से हमला कर उनकी हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर 14 नवंबर 2026 को न्यायालय में पेश किया।
पुलिस के अनुसार, 8 नवंबर 2026 को गोविंदगढ़ पुलिस को सूचना मिली थी कि ग्राम पांती के गड्डी रोड मूड़ा स्थित एक घर में विद्यार्थी पटेल का शव पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही थाना पुलिस और शिवपुरवा चौकी की टीम मौके पर पहुंची। मृतक के पुत्र राजनारायण पटेल ने पुलिस को बताया कि उनके पिता दुकान और मकान में अकेले रहते थे। किसी अज्ञात व्यक्ति ने पत्थर से सिर पर हमला कर उनकी हत्या कर दी है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने गांव और आसपास के लोगों से पूछताछ की। इसी बीच छोटी पांती निवासी लूलू यादव उर्फ धर्मराज यादव (37 वर्ष) पुत्र छोटे लाल यादव का नाम सामने आया। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने हत्या करना स्वीकार किया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि 7 और 8 नवंबर की दरम्यानी रात करीब 3 से 4 बजे वह विद्यार्थी पटेल की दुकान पर बीड़ी मांगने पहुंचा था। मृतक ने बीड़ी देने से मना कर दिया और पहले से बकाया उधारी की रकम मांगने लगा। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। गुस्से में आरोपी ने डंडे से बुजुर्ग के सिर पर हमला कर दिया, जिससे वह जमीन पर गिर पड़े। इसके बाद पास में पड़े पत्थरों से हमला कर उनकी हत्या कर दी और वहां से फरार हो गया।
बाइक, मोबाइल और वारदात में इस्तेमाल सामान जब्त
पुलिस ने मामले में अपराध क्रमांक 409/2026 के तहत धारा 103(1), 315 एवं 238 बीएनएस में प्रकरण दर्ज कर आरोपी धर्मराज यादव उर्फ लूलू को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त होंडा साइन मोटरसाइकिल रियलमी कंपनी का मोबाइल, एक नीले रंग का की-पैड मोबाइल, तीन पत्थर और एक लाठी जब्त की गई है।
इस हत्याकांड के खुलासे में थाना प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह बघेल, उपनिरीक्षक निशा खूता, साइबर सेल उपनिरीक्षक गौरव मिश्रा, सउनि रामकृष्ण गौतम, प्रधान आरक्षक केपी सिंह, कृष्णपाल सिंह, आरक्षक नीरज पाण्डेय, मनोज यादव, सुभाष चंद्र भारती, शिवम सिंह, ललित दीक्षित, उमेश मिश्रा, सुंदरम मिश्रा एवं सैनिक प्रदीप दुबे की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / हीरेन्द्र द्विवेदी

