रीवा-सीधी हाईवे पर दर्दनाक हादसा: सीमेंट बल्कर में लगी आग, चालक जिंदा जला
रीवा, 23 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के रीवा-सीधी राष्ट्रीय मार्ग पर शुक्रवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में सीमेंट से भरे बल्कर चालक की जिंदा जलकर मौत हो गई। हादसा गुढ़ थाना क्षेत्र के गहरी पकरा गांव के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार बल्कर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे आम के पेड़ से जा टकराया। टक्कर के बाद वाहन पलट गया और देखते ही देखते उसमें आग भड़क उठी।
जानकारी के अनुसार, सीमेंट लोडेड बल्कर रात करीब दो बजे बरिगवां से सीमेंट लेकर सतना स्थित बिड़ला प्लांट की ओर जा रहा था। देर रात करीब दो बजे पकरा गांव के समीप चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा। तेज रफ्तार बल्कर सीधे पेड़ से टकराया, जिससे वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। आशंका जताई जा रही है कि टक्कर के बाद शॉर्ट सर्किट या ईंधन रिसाव के कारण आग लगी, जिसने कुछ ही पलों में पूरे वाहन को अपनी चपेट में ले लिया।
हादसे के दौरान चालक वाहन के अंदर ही फंस गया और बाहर निकलने का मौका नहीं मिल सका। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
घटना की सूचना राहगीरों ने तत्काल डायल-112 और गुढ़ थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही सहायक उपनिरीक्षक सुरेश साकेत पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से आग बुझाने और राहत कार्य शुरू किया गया, लेकिन तब तक चालक की मौत हो चुकी थी।
पुलिस जांच में मृतक की पहचान ब्रिजेश गौतम (36) पुत्र छोटेराम गौतम निवासी ग्राम सतौहरी धनहा, जिला सीधी के रूप में हुई है। पुलिस ने शनिवार को शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों सौंप दिया है।
घटना के बाद कुछ समय के लिए हाईवे पर यातायात प्रभावित रहा, जिसे पुलिस ने व्यवस्थित कराया। गुढ़ थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
हिन्दुस्थान समाचार / हीरेन्द्र द्विवेदी

