रीवा में लाखों रुपये के अवैध पटाखों से भरा पिकअप वाहन जब्त, चालक हिरासत में
रीवा, 30 अक्टूबर (हि.स.)। दीपावली के मद्देनजर मध्य प्रदेश के रीवा जिले में अवैध एवं प्रतिबंधित पटाखों के भंडारण और परिवहन के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। इसी क्रम में शुक्रवार को अमहिया थाना पुलिस ने प्रकाश चौराहे के पास घेराबंदी कर अवैध पटाखों से भरा एक पिकअप वाहन जब्त किया है। जब्त पटाखों की बाजार कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने वाहन चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
अमहिया थाना प्रभारी मनोज गौतम ने बताया कि पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक पिकअप वाहन में भारी मात्रा में अवैध पटाखे भरकर ले जाए जा रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए प्रकाश चौराहे के पास घेराबंदी की और संदिग्ध वाहन को रोककर तलाशी ली। इस दौरान वाहन में बड़ी मात्रा में पटाखे मिले। चालक की पहचान भोला सोंधिया पिता अशोक सोंधिया, निवासी शिव नगर के रूप में हुई है।
प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि जब्त पटाखे शहर के आतिशबाजी व्यवसायी कुलदीप गुप्ता के हो सकते हैं। पुलिस चालक से पूछताछ कर पटाखों के स्रोत, उनके परिवहन और इस कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है। पूछताछ में पुलिस को कथित अवैध कारोबार के नेटवर्क से जुड़े कुछ अहम सुराग भी मिले हैं।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले की जांच जारी है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर अवैध पटाखा कारोबार में संलिप्त अन्य लोगों के खिलाफ भी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। त्योहार के दौरान सुरक्षा मानकों की अनदेखी कर पटाखों का अवैध भंडारण और परिवहन करने वालों के खिलाफ पुलिस का अभियान जारी रहेगा।
हिन्दुस्थान समाचार / हीरेन्द्र द्विवेदी

