home page

रीवा पुलिस लाइन में आधी रात खूनी संघर्ष, दो आरक्षक परिवारों के बीच विवाद में कुल्हाड़ी से हमला

 | 
रीवा पुलिस लाइन में आधी रात खूनी संघर्ष, दो आरक्षक परिवारों के बीच विवाद में कुल्हाड़ी से हमला


रीवा, 11 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के रीवा के पुलिस लाइन क्षेत्र में रविवार देर रात दो पुलिसकर्मियों के परिवारों के बीच हुआ विवाद हिंसक संघर्ष में बदल गया। करीब रात 12:30 बजे हुई इस घटना में एक आरक्षक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए संजय गांधी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद पूरे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, विवाद की शुरुआत कथित रूप से नशे की हालत में सुरेंद्र पांडेय उर्फ मामा द्वारा दूसरे पुलिसकर्मी मुकेश तिवारी की पत्नी पर अभद्र टिप्पणी और गाली-गलौज करने से हुई। इसकी जानकारी मिलने पर मुकेश तिवारी और सुरेंद्र पांडेय के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते विवाद में बदल गई।

बताया जा रहा है कि कुछ देर बाद सुरेंद्र पांडेय अपने पुत्र और अन्य साथियों के साथ कुल्हाड़ी लेकर मुकेश तिवारी के घर पहुंच गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दरवाजा खुलते ही आरोपियों ने घर में घुसकर हमला कर दिया। बचाव के दौरान मुकेश तिवारी ने डंडे से प्रतिरोध करने की कोशिश की, लेकिन आरोप है कि उन पर कुल्हाड़ी से कई वार किए गए, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना के दौरान दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई, जिसमें दूसरे पक्ष को भी चोटें आई हैं। गंभीर रूप से घायल मुकेश तिवारी को स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है।

घटना के बाद आरोपी सुरेंद्र पांडेय और उसका पुत्र बिछिया थाना पुलिस पहुंचे थे। सूत्रों के अनुसार, वहां मेडिकल परीक्षण और रिपोर्ट दर्ज कराने की बात पर दोनों ने पुलिसकर्मियों से भी अभद्रता की और मौके से फरार हो गए।

पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है। वहीं पुलिस लाइन जैसे संवेदनशील और सुरक्षित माने जाने वाले क्षेत्र में हुई इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस अनुशासन पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। घायल आरक्षक के बयान दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है।

हिन्दुस्थान समाचार / हीरेन्‍द्र द्विवेदी