home page

रीवा : कुएं में मिले मां-बेटे के शव, पुलिस जांच में जुटी

 | 
रीवा : कुएं में मिले मां-बेटे के शव, पुलिस जांच में जुटी


रीवा, 25 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के रीवा जिले के गुढ़ थाना क्षेत्र स्थित इटार पहाड़ गांव में सोमवार को एक हृदयविदारक घटना सामने आई। गांव के एक कुएं में मां और उसके पांच वर्षीय मासूम बेटे के शव मिलने से पूरे इलाके में दहशत फैल गई। घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

मृतकों की पहचान 31 वर्षीय मीना कुशवाहा और उनके पांच वर्षीय पुत्र सौरभ कुशवाहा के रूप में हुई है। दोनों इटार पहाड़ गांव के निवासी थे। बताया जा रहा है कि गांव का एक युवक कुएं की ओर गया था। इसी दौरान उसकी नजर पानी में तैर रहे दो शवों पर पड़ी। यह दृश्य देखकर वह घबरा गया और शोर मचाते हुए ग्रामीणों को सूचना दी।

चीख-पुकार सुनकर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तत्काल गुढ़ थाना पुलिस को सूचना दी गई। खबर मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से काफी मशक्कत के बाद मां-बेटे के शव कुएं से बाहर निकाले गए।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मृतका का पति दुर्गेश कुशवाहा रोजी-रोटी के सिलसिले में बाहर रहता है। घटना के समय वह गांव में मौजूद नहीं था। महिला अपने बच्चों के साथ घर पर रह रही थी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने परिजनों को अवगत कराया।

सोमवार को पुलिस ने रीवा के संजय गांधी स्मृति चिकित्सालय पुलिस चौकी में दोनों शवों का पंचनामा तैयार कराया। इसके बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिए गए।

फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि यह मामला आत्महत्या का है, दुर्घटना है या इसके पीछे कोई अन्य कारण है। गुढ़ पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए गंभीरता से जांच में जुटी हुई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पूछताछ के आधार पर ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / हीरेन्‍द्र द्विवेदी