home page

रीवा में मक्के की बोरियों के नीचे छिपाकर ले जाया जा रहा 20 क्विंटल गांजा जब्त, दो तस्कर गिरफ्तार

 | 
रीवा में मक्के की बोरियों के नीचे छिपाकर ले जाया जा रहा 20 क्विंटल गांजा जब्त, दो तस्कर गिरफ्तार


रीवा, 17 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के रीवा जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मक्के की बोरियों के बीच छिपाकर ले जाई जा रही गांजे की भारी खेप जब्त की है। मनगवां थाना पुलिस ने एक संदिग्ध ट्रक की तलाशी के दौरान करीब 20 क्विंटल (लगभग 2000 किलोग्राम) गांजा बरामद किया। मामले में दो आरोपिताें को गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है।

पुलिस के अनुसार मुखबिर से सूचना मिली थी कि कृषि उपज की आड़ में मादक पदार्थों की खेप ले जाई जा रही है। सूचना के आधार पर शुक्रवार सुबह मनगवां थाना क्षेत्र में घेराबंदी कर संदिग्ध ट्रक को रोका गया। तलाशी के दौरान ट्रक में ऊपर मक्के की बोरियां लदी मिलीं। जब बोरियों को हटाया गया तो उनके नीचे गांजे के कई पैकेट छिपाकर रखे गए थे।

प्रारंभिक जांच में बरामद गांजे का वजन करीब 20 क्विंटल बताया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि इसकी अंतिम पुष्टि विधिवत तौल के बाद की जाएगी। बरामद मादक पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करोड़ों रुपये आंकी जा रही है।

कार्रवाई के दौरान ट्रक को जब्त कर उसमें सवार दो आरोपिताें को हिरासत में लिया गया। दोनों से पूछताछ कर यह पता लगाया जा रहा है कि गांजे की खेप किस राज्य से लाई गई थी और इसकी आपूर्ति कहां की जानी थी।

जांच एजेंसियों को आशंका है कि इस तस्करी के तार किसी अंतर्राज्यीय मादक पदार्थ तस्कर गिरोह से जुड़े हो सकते हैं। आरोपिताें के मोबाइल फोन, दस्तावेज और अन्य साक्ष्यों की जांच की जा रही है ताकि पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जा सके।

मनगवां थाना पुलिस ने आरोपिताें के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। साथ ही इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य आरोपियों और संभावित सरगनाओं की तलाश में पुलिस की विशेष टीमें विभिन्न स्थानों पर छापेमारी कर रही हैं। मामले की विस्तृत जानकारी जांच पूरी होने के बाद साझा की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / हीरेन्‍द्र द्विवेदी