रीवा: युवती के घर फल खाने से सरपंच की मौत, परिजनों ने लगाया जहर देने का आरोप
रीवा, 22 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के रीवा जिले में एक ग्राम पंचायत के सरपंच की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत ने इलाके में दहशत फैला दी है। मामला गोविंदगढ़ थाना क्षेत्र की मड़वा ग्राम पंचायत से जुड़ा है, जहां 55 वर्षीय सरपंच ताज मोहम्मद की अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद मौत हो गई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार ताज मोहम्मद शुक्रवार को अपनी परिचित युवती प्रीति साकेत के घर चिरहुला इलाके में पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि वे अपने साथ बाजार से खरबूजे और आम लेकर गए थे। घर पहुंचने के बाद दोनों ने साथ बैठकर फल खाए। इसी दौरान कुछ देर बाद सरपंच की तबीयत अचानक बिगड़ गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक उनकी जुबान लड़खड़ाने लगी और वे बेहोश होकर गिर पड़े।
घटना के बाद उन्हें तत्काल रीवा के संजय गांधी मेमोरियल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। अस्पताल से सूचना मिलने पर बिछिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए जांच शुरू कर दी।
मृतक के परिजनों ने इस मामले को संदिग्ध बताते हुए युवती पर जहरीला पदार्थ खिलाकर हत्या करने का आरोप लगाया है। परिजनों का कहना है कि घटना के बाद सरपंच के मोबाइल फोन से कॉल डिटेल और कुछ तस्वीरें भी डिलीट की गई हैं, जिससे मामले को लेकर संदेह और गहरा गया है।
पुलिस फिलहाल हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। शुरुआती जांच में भीषण गर्मी के कारण हार्ट अटैक की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार मोबाइल डेटा रिकवर करने की कोशिश की जा रही है और मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
फिलहाल इस घटना को लेकर मड़वा ग्राम पंचायत और रीवा शहर में तरह-तरह की चर्चाएं जारी हैं, जबकि पुलिस पूरे मामले की तह तक पहुंचने में जुटी हुई है।
हिन्दुस्थान समाचार / हीरेन्द्र द्विवेदी

