home page

रीवा फ्लाईओवर पर अर्टिगा और टमाटर लोड पिकअप में आमने-सामने टक्कर, पांच घायल

 | 
रीवा फ्लाईओवर पर अर्टिगा और टमाटर लोड पिकअप में आमने-सामने टक्कर, पांच घायल


रीवा, 20 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के रीवा में सिरमौर चौराहा फ्लाईओवर पर शुक्रवार देर रात अर्टिगा कार और टमाटर से भरी पिकअप के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में कार सवार पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर के बाद कार के एयरबैग खुल गए और सभी दरवाजे ऑटोमैटिक लॉक हो गए, जिससे घायल अंदर ही फंस गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने पत्थर से कार के शीशे तोड़कर सभी को बाहर निकाला और संजय गांधी अस्पताल पहुंचाया।

जानकारी के अनुसार, टक्कर इतनी तेज थी कि अर्टिगा कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद कार के दोनों एयरबैग खुल गए और दरवाजे लॉक हो गए। अंदर फंसे घायल बाहर निकलने में असमर्थ थे। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने स्थिति देखते हुए पत्थर से कार के शीशे तोड़े और एक-एक कर पांचों घायलों को बाहर निकाला।

बताया गया है कि कार में सवार सभी लोग सतना जिले के भुजवा समाज से हैं। वे उत्तर प्रदेश के फाफामऊ में आयोजित तेरहवीं के कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। वहां से लौटते समय उनकी कार सिरमौर चौराहा फ्लाईओवर पर पहुंची, तभी सामने से आ रही टमाटर से लदी पिकअप से उसकी भिड़ंत हो गई।

घायलों में रमेश भुजवा, राकेश भुजवा सहित तीन अन्य लोग शामिल हैं। सभी को संजय गांधी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।

हादसे के बाद फ्लाईओवर पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई और वाहनों की कतार लग गई। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त दोनों वाहनों को हटवाकर यातायात सामान्य कराया। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / हीरेन्‍द्र द्विवेदी