रीवाः मासूम ने होश में आने पर सुनाई आपबीती, बड़े पिता ने किया दुष्कर्म
रीवा, 07 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के रीवा में रिश्तों को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। यहां छः साल की मासूम के साथ उसके ही बड़े पिता ने दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। घटना चार जून की है। रविवार को होश में आने के बाद बच्ची ने मां को पूरी आपबीती सुनाई, जिसके बाद इस वीभत्स कांड का खुलासा हुआ।
पीड़ित मासूम की मां ने पुलिस को बताया कि वारदात के बाद जब बच्ची को होश आया तो उसने बताया कि बड़े पापा ने उसके साथ गलत काम किया। मां के अनुसार, दर्द से तड़पती बच्ची ने जब आरोपी से बड़े अब्बू छोड़ दो कहा, तो उसने जवाब दिया, तेरी मां बहुत चपड़-चपड़ करती है। बच्ची के इस बयान ने आरोपी की क्रूर मानसिकता उजागर कर दी।
सीएसपी राजीव पाठक ने बताया कि 3 जून को आरोपी ने बच्ची की मां के साथ घरेलू विवाद में मारपीट की थी। बदले की आग में जलते हुए उसने 4 जून की रात घर में सो रही मासूम को निशाना बनाया। दुष्कर्म के बाद आरोपी ने सबूत मिटाने के लिए बच्ची का गला घोंटने की भी कोशिश की।
बच्ची को गंभीर हालत में संजय गांधी अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया है। अस्पताल अधीक्षक डॉ. राहुल मिश्रा ने बताया कि बच्ची के प्राइवेट पार्ट में गंभीर चोटें हैं। लगातार ब्लीडिंग हो रही है। 24 घंटे विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम निगरानी कर रही है। हालत अभी भी नाजुक है।
अस्पताल के बाहर बिलखती मां ने कहा कि मेरी छह साल की फूल सी बच्ची ने उसका क्या बिगाड़ा था? उसने मेरी बेटी की मासूमियत, उसकी हंसी, उसका पूरा बचपन छीन लिया। जब मैं उसे तड़पते देखती हूं तो सांसें रुक जाती हैं। उसके हाथों में खिलौने होने चाहिए थे, लेकिन आज सुइयां चुभ रही हैं। मेरी सिर्फ एक मांग है, बेटी को न्याय मिले। दोषी को ऐसी सजा मिले कि फिर कोई दरिंदा किसी बच्ची की तरफ आंख उठाकर भी न देख सके।
आदतन अपराधी है आरोपी, पिता भी जेल में
सीएसपी राजीव पाठक ने बताया कि आरोपी का अपने भाई यानी पीड़िता के पिता से संपत्ति को लेकर पुराना विवाद है। पीड़िता का पिता भी लूट के मामले में जेल में बंद है। आरोपी पर सिविल लाइन, सिटी कोतवाली, समान थानों में मारपीट, चोरी, लूट, अवैध वसूली के 30 से अधिक संगीन मामले दर्ज हैं। वह शातिर और आदतन अपराधी है। आरोपी फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए रीवा के अलावा सतना, सीधी, प्रयागराज तक 6 विशेष टीमें भेजी गई हैं। सभी संभावित ठिकानों पर दबिश जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / हीरेन्द्र द्विवेदी

