रीवा ब्राउन शुगर का बड़ा कारोबार उजागर, तीन आरोपी गिरफ्तार
रीवा, 07 नवंबर (हि.स.) मध्य प्रदेश के रीवा शहर में प्रतिबंधित नशीले पदार्थ ब्राउन शुगर की खरीद-फरोख्त के मामले में सिटी कोतवाली पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 201.49 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की गई है, जिसकी कीमत करीब 4 लाख रुपए बताई गई है।
पुलिस ने नशीले पदार्थ की तस्करी में इस्तेमाल वाहन, मोबाइल फोन, नकदी और बिक्री के लिए इस्तेमाल होने वाली सामग्री भी जब्त की है। जब्त मशरुका की कुल कीमत 16 लाख 98 हजार 790 रुपए आंकी गई है। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर ब्राउन शुगर की सप्लाई करने वाले और खरीदने वाले लोगों की जानकारी जुटा रही है। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आए नाम के आधार पर पुलिस ने तीसरे आरोपी को भी गिरफ्तार किया है। मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता की जांच की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, 6 नवंबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि घोघर निवासी शाहिद खान उर्फ पिद्दी और उसका साथी आरिफ सिद्दीकी उर्फ शनी काले रंग की एवेंजर मोटरसाइकिल से ब्राउन शुगर लेकर बिक्री के लिए निपनिया पुल के नीचे बीहर नदी के किनारे खड़े हैं। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक निशा मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान दोनों आरोपियों को पकड़ लिया गया। तलाशी में उनके पास से ब्राउन शुगर बरामद हुई। पुलिस ने मौके से नशीले पदार्थ के साथ वाहन और मोबाइल फोन भी जब्त किए।
पुलिस ने जब शाहिद खान और आरिफ सिद्दीकी से पूछताछ की तो उन्होंने बताया कि पांडेय टोला निवासी गोपाल गुप्ता उन्हें ब्राउन शुगर बिक्री के लिए उपलब्ध कराता था। इस जानकारी के आधार पर पुलिस ने गोपाल गुप्ता को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब तीनों आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि ब्राउन शुगर की खेप कहां से लाई गई थी, इसकी सप्लाई किन लोगों के जरिए होती थी और इसे किन ग्राहकों तक पहुंचाया जाना था।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / हीरेन्द्र द्विवेदी

