home page

15 हजार रुपये रिश्वत लेते राजस्व कर्मचारी गिरफ्तार

 | 
15 हजार रुपये रिश्वत लेते राजस्व कर्मचारी गिरफ्तार


नवादा, 12 जून (हि.स.)।नवादा सदर अंचल कार्यालय में कार्यरत राजस्व कर्मचारी सुजीत कुमार को निगरानी विभाग की टीम ने शुक्रवार को 15 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। इस कार्रवाई से अंचल कार्यालय में हड़कंप मच गया।

निगरानी विभाग के डीएसपी नरेंद्र कुमार ने बताया कि शंकर पासवान नामक व्यक्ति ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी जमीन के परिमार्जन (सुधार) के कार्य के लिए राजस्व कर्मचारी द्वारा 15 हजार रुपये रिश्वत की मांग की जा रही है। शिकायत की सत्यता की जांच के बाद निगरानी विभाग ने जाल बिछाया और शिकायतकर्ता के माध्यम से रिश्वत की राशि दिलवाई। इसी दौरान टीम ने सुजीत कुमार को रंगे हाथ पकड़ लिया।

गिरफ्तारी के बाद निगरानी विभाग की टीम आरोपी को अपने साथ लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गई। डीएसपी नरेंद्र कुमार ने कहा कि मामले की गहन जांच की जा रही है। यदि जांच के दौरान किसी अन्य अधिकारी या कर्मचारी की संलिप्तता सामने आती है तो उनके विरुद्ध भी नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई को भ्रष्टाचार के खिलाफ निगरानी विभाग की बड़ी सफलता माना जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजय कुमार सुमन