रिटायर्ड बैंकर दंपती को विला में बंधक बना वसूली 47.90 लाख की फिरौती
जयपुर, 15 मई (हि.स.)। भांकरोटा थाना इलाके में एक रिटायर्ड बैंकर और उनकी पत्नी को एक विला में बंधक बना कर लाखों रुपयों की फिरौती वसूलने का मामला सामने आया है। शातिर बदमाशों ने बुजुर्ग दंपती को बेल्ट चाकू और रिवाल्वर के दम पर लगभग 48 लाख रुपये की फिरौती वसूल ली। बदमाशों के चुगंल से मुक्त होने के बाद पीड़ित बुजुर्ग दम्पती थाने पहुंचे और मामले की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने शातिर बदमाशों के खिलाफ लूटपाट का मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरु कर दी है।
पुलिस उपायुक्त जयपुर (पश्चिम) प्रशांत किरण ने बताया कि वैशाली नगर निवासी 66 वर्षीय महिला और उनके 67 वर्षीय पति (रिटायर्ड बैंकर) अपना मकान बेचना चाहते थे। 4 फरवरी 2026 को एक प्रॉपर्टी वेबसाइट पर विज्ञापन दिया था। इसके बाद 'अखिल अग्रवाल' नाम का व्यक्ति खरीदार बनकर उनसे मिला। उसने बातों में उलझाकर बुजुर्गों का विश्वास जीत लिया और डील फाइनल करने के बहाने उन्हें अपने साथ ले गया। 2 मई को आरोपित अखिल अग्रवाल बुजुर्ग दंपती को अपनी कार में बैठाकर भांकरोटा के एक विला में ले गया। वहां पहले से ही गैंग के 4-5 बदमाश मौजूद थे। बदमाशों ने दंपती को अलग-अलग कमरों में बंद कर दिया और बेरहमी से मारपीट की। बदमाशों ने उनसे मोबाइल, चेकबुक, सोने के जेवर और घर की चाबियां छीन लीं और परिचितों से पैसे मंगवाने का दबाव मनाया। जिसके बाद पीड़ित दम्पती ने बुजुर्ग महिला ने अपने रिश्तेदारों और पूर्व स्टाफ सदस्यों से संपर्क कर 47.90 लाख रुपये मंगवाए, जिसे बदमाशों ने हड़प लिया। नकदी हड़पने के बाद शातिर बदमाशों ने बुजुर्ग दम्पती को डरा धमकाकर 6 मई को टैक्सी में बैठाकर दिल्ली एयरपोर्ट भेजा और वहां से अहमदाबाद की फ्लाइट का टिकट थमा दिया। दहशत के कारण बुजुर्ग दंपती कई दिनों तक अहमदाबाद में छिपे रहे, लेकिन हिम्मत जुटाकर वापस जयपुर लौटे और पुलिस को आपबीती सुनाई। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपिताें की तलाश शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में यह एक सोची-समझी साजिश लग रही है जिसमें प्रॉपर्टी वेबसाइट के माध्यम से डेटा जुटाकर बुजुर्गों को सॉफ्ट टारगेट बनाया गया। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और कॉल डिटेल्स के जरिए बदमाशों के ठिकानों का पता लगा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

