संजौली में खुदाई के बीच सुरक्षा दीवार गिरी, मामला दर्ज
शिमला, 12 जुलाई (हि.स.)। शिमला की संजौली रिज रोड क्षेत्र में पिछले एक साल से चल रहे खुदाई और पहाड़ी काटने के काम के बीच एक रिहायशी इलाके में सुरक्षा दीवार गिरने का मामला सामने आया है। दीवार गिरने के बाद आसपास के मकानों पर भी खतरा पैदा होने की बात कही गई है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार थाना सदर में डॉ. पारस प्रकाश, निवासी प्रकाश कॉटेज एनैक्सी, संजौली रिज रोड, बोथवेल, शिमला की ओर से लिखित शिकायत दी गई। शिकायत में कहा गया है कि उनकी संपत्ति के पास पिछले करीब एक साल से नरेश जिंटा की ओर से खुदाई और पहाड़ी काटने का काम किया जा रहा था।
शिकायत के अनुसार 11 जुलाई की सुबह उन्हें तेज आवाज सुनाई दी। बाहर निकलकर देखने पर पत्थर, मिट्टी और मलबा उनके घर की ओर खिसकता दिखाई दिया। कुछ ही देर बाद उनके मकान के साथ लगी सुरक्षा दीवार गिर गई। शिकायत में कहा गया है कि इससे उनके घर के साथ-साथ आसपास के अन्य मकानों पर भी तत्काल गंभीर खतरा पैदा हो गया।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 125 और 324(3) के तहत मामला दर्ज किया है। मामले की जांच पुलिस चौकी लक्कड़ बाजार को सौंपी गई है।
पुलिस का कहना है कि शिकायत में लगाए गए आरोपों की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

