home page

आईएएस शिखर अग्रवाल और गोयल फैशंस के निदेशकों पर एसीबी ने दर्ज किया केस, विला खरीद में अनुचित लाभ के आरोप

 | 
आईएएस शिखर अग्रवाल और गोयल फैशंस के निदेशकों पर एसीबी ने दर्ज किया केस, विला खरीद में अनुचित लाभ के आरोप


जयपुर, 18 नवंबर (हि.स.)। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने आईएएस अधिकारी शिखर अग्रवाल और गोयल फैशंस प्राइवेट लिमिटेड के निदेशकों के खिलाफ पद के दुरुपयोग, रियायती दरों पर विला खरीदने तथा कंपनी को अनुचित लाभ पहुंचाने के आरोप में एफआईआर दर्ज की है। एसीबी की प्राथमिक जांच में प्रथम दृष्टया आरोपों की पुष्टि होने के बाद यह कार्रवाई की गई है। मामले में कंपनी के निदेशक मुकुन्द शरण गोयल, प्रबंध निदेशक संजय गोयल और अन्य को भी आरोपी बनाया गया है।

एसीबी के अनुसार ब्यूरो की जयपुर नगर प्रथम इकाई ने एफआईआर संख्या 0323/2026 दर्ज की है। इसमें भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की विभिन्न धाराओं के साथ भारतीय दंड संहिता की धारा 120-बी और भारतीय न्याय संहिता की धारा 61(2) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।

एसीबी महानिदेशक पुलिस गोविन्द गुप्ता ने बताया कि राज्य सरकार से भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 17-ए के तहत पूर्वानुमोदन मिलने के बाद प्राथमिक जांच संख्या 48/2026 दर्ज की गई थी। जांच के दौरान विभिन्न विभागों से रिकॉर्ड मंगवाकर उसका विश्लेषण किया गया। आरोपों की प्रथम दृष्टया पुष्टि होने पर एफआईआर दर्ज की गई है।

प्राथमिक जांच में सामने आया कि शिखर अग्रवाल वर्ष 2006 में उदयपुर के जिला कलेक्टर थे। उस दौरान बूझड़ा गांव की 13.705 हेक्टेयर कृषि भूमि को अनंता रिसॉर्ट के लिए पर्यटन इकाई में संपरिवर्तित किया गया। एसीबी के अनुसार, इस प्रक्रिया में वन, खनन और सिंचाई विभाग की अनापत्ति नहीं ली गई। बाद में संपरिवर्तन आदेश की दो शर्तें भी हटा दी गईं। इनमें 40 प्रतिशत भूमि सुविधा क्षेत्र के रूप में छोड़ने और ले-आउट का वरिष्ठ नगर नियोजक से अनुमोदन कराने की शर्त शामिल थी। जांच में यह भी सामने आया कि तीन अक्टूबर 2023 को उदयपुर के बूझड़ा स्थित अनंता रिसॉर्ट में अग्रवाल और उनकी पत्नी के नाम पर 10-10 विला, कुल 20 विला, 15-15 लाख रुपये में खरीदे गए। उसी दिन इन विला को परपेचुअल लीज डीड के माध्यम से रेवेन्यू शेयरिंग के लिए कंपनी को वापस सौंप दिया गया।

इसी तरह 27 मार्च 2026 को अलवर के अजबगढ़ स्थित अनंता रिसॉर्ट में अग्रवाल, उनकी पत्नी, पुत्रों और सास-ससुर के नाम पर 20 विला खरीदे गए। इनकी कीमत 14 लाख से 16.5 लाख रुपये प्रति विला थी, जो डीएलसी दर से 3.5 से 4.5 लाख रुपये कम थी। जबकि इसी रिसॉर्ट में अन्य खरीदारों को विला डीएलसी दर से करीब छह लाख रुपये अधिक कीमत पर बेचे गए। एसीबी के अनुसार, इस प्रक्रिया से गोयल फैशंस प्राइवेट लिमिटेड को करीब दो करोड़ रुपये का अनुचित लाभ पहुंचाया गया। इसी दिन वित्त विभाग ने कंपनी के लिए कस्टमाइज्ड पैकेज का आदेश भी जारी किया था।

एसीबी जांच के अनुसार, 15 अक्टूबर 2026 को अग्रवाल के पुत्रों के नाम पर जयपुर स्थित अनंता रिसॉर्ट में भी 24 विला खरीदे गए। इनकी कीमत 11-11 लाख रुपये प्रति विला थी, जबकि रिसॉर्ट की विवरणिका में समान आकार के विला की कीमत 59 लाख रुपये बताई गई थी।

जांच में राजस्थान राज्य प्रदूषण नियंत्रण मंडल से संबंधित निर्णयों पर भी सवाल उठाए गए हैं। अग्रवाल के पास मंडल अध्यक्ष का अतिरिक्त प्रभार था। इस दौरान 28 अगस्त 2023 को सीटीई और सीटीओ की चेकलिस्ट में प्रक्रिया सरलीकरण के नाम पर बदलाव किए गए। एसीबी के अनुसार, बदली गई चेकलिस्ट से भूमि संपरिवर्तन दस्तावेज, वन विभाग की अनापत्ति और अरावली अधिसूचना से संबंधित आवश्यकताएं हटा दी गईं। इसके बाद कंपनी के अजबगढ़ रिसॉर्ट (अलवर), जैसलमेर रिसॉर्ट और जयपुर रिसॉर्ट को स्वीकृतियां दी गईं।

राजस्थान निवेश प्रोत्साहन योजना-2019 के तहत कंपनी ने अजबगढ़ रिसॉर्ट को नई इकाई बताते हुए कस्टमाइज्ड पैकेज के लिए आवेदन किया था। एसीबी जांच में सामने आया कि प्रस्तावित निवेश का अधिकांश हिस्सा आवेदन के समय पहले ही किया जा चुका था। 100 करोड़ रुपये के निवेश की पात्रता पूरी करने के लिए 3.02 हेक्टेयर अतिरिक्त भूमि भी निवेश में शामिल की गई, जबकि इस भूमि की न तो रजिस्ट्री हुई थी और न ही संपरिवर्तन। कंपनी पात्रता प्रमाण पत्र जारी होने से पहले ही रिसॉर्ट के 135 में से 127 विला बेच चुकी थी। यह तथ्य परियोजना रिपोर्ट में भी नहीं दर्शाया गया था।

19 अगस्त 2026 को अग्रवाल की अध्यक्षता में राज्य स्तरीय छानबीन एवं स्वीकृति समिति की बैठक हुई। इसमें कंपनी का पात्र निवेश 118.50 करोड़ रुपये निर्धारित किया गया। एसीबी के अनुसार, कंपनी को राजस्थान निवेश प्रोत्साहन योजना-2019 के सामान्य प्रावधानों के बजाय कस्टमाइज्ड पैकेज के तहत अधिक लाभ एवं अनुदान/छूट की अधिकतम सीमा का लाभ दिलाने में अनियमितता की गई। प्रकरण का अग्रिम अनुसंधान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रशान्त कौशिक, एसीबी एसयू-प्रथम, जयपुर को सौंपा गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश